यू-ट्यूब बैन पर विशेषज्ञों की चेतावनी: "कम नहीं, ज्यादा खतरा पैदा कर सकता है ये फैसला"

यू-ट्यूब बैन पर विशेषज्ञों की चेतावनी: "कम नहीं, ज्यादा खतरा पैदा कर सकता है ये फैसला"

प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज़ी की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने अपने विवादित सोशल मीडिया बैन के तहत अब यू-ट्यूब को भी शामिल कर लिया है। यह निर्णय जहां कुछ विशेषज्ञों की सराहना पा रहा है, वहीं कई अन्य इसे "जल्दबाजी में लिया गया, अस्पष्ट और राजनीतिक रूप से प्रेरित" कदम बता रहे हैं।

क्या है सरकार का फैसला?

दिसंबर 2025 से, 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को खुद का यू-ट्यूब अकाउंट बनाने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, वे यू-ट्यूब बिना लॉग-इन किए या किसी वयस्क के अकाउंट से देख सकेंगे। पहले इस प्लेटफॉर्म को शैक्षणिक सामग्री के बहाने इस बैन से बाहर रखा गया था, लेकिन eSafety कमिश्नर जूली इनमैन ग्रांट की सिफारिश पर सरकार ने रुख बदल लिया।

कमिश्नर द्वारा कराए गए शोध में 2600 बच्चों में से 40% ने बताया कि उन्हें यू-ट्यूब पर महिलाओं के खिलाफ घृणा फैलाने वाली सामग्री, खतरनाक चैलेंज, हिंसक वीडियो और खाने के विकारों को बढ़ावा देने वाला कंटेंट देखने को मिला।

यू-ट्यूब का विरोध और सरकार की दो टूक

गूगल के स्वामित्व वाले इस वीडियो प्लेटफॉर्म ने सरकार के इस फैसले को चुनौती देने की बात कही है और यहां तक कि इसे हाई कोर्ट ले जाने की धमकी दी है। यू-ट्यूब का दावा है कि वह "सोशल मीडिया सेवा नहीं है" और "युवाओं के लिए फायदेमंद" है।

हालांकि, स्विनबर्न यूनिवर्सिटी की मीडिया विशेषज्ञ डॉ. बेलिंडा बार्नेट ने यू-ट्यूब के दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा, “यह पूरी तरह से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है और इससे उतना ही खतरा है जितना बाकी प्लेटफॉर्म्स से।”

"बैन से उल्टा असर हो सकता है" – विशेषज्ञों की राय

क्वींसलैंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के प्रोफेसर डेनियल एंगस का मानना है कि यह बैन बच्चों को सुरक्षा नहीं, बल्कि अधिक जोखिम में डाल सकता है।

"लॉग-इन किया हुआ अकाउंट बच्चों को पर्सनलाइज्ड अनुभव देता है, सेफ्टी फीचर्स जैसे रेस्ट्रिक्टेड मोड और एल्गोरिदमिक सिफारिशों की सुविधा देता है," उन्होंने कहा।

"अगर उन्हें लॉग-इन करने से रोका जाता है, तो बच्चे अनमॉडरेटेड और अनोनिमस ब्राउज़िंग की ओर बढ़ सकते हैं – जो कि और ज्यादा खतरनाक हो सकता है। यह सरकार की सोच में खामी को दिखाता है।"