बांग्लादेश क्रिकेट इन दिनों गहरे संकट से गुजर रहा है। खिलाड़ियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि आने वाले आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की भागीदारी तक पर सवाल खड़े हो गए हैं।
विवाद की जड़ BCB के वित्त समिति के अध्यक्ष और निदेशक एम नजमुल इस्लाम का हालिया बयान है। नजमुल ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप बोर्ड के लिए “नो प्रॉफिट, नो लॉस” का मामला है और किसी भी तरह के नुकसान का असर खिलाड़ियों पर पड़ेगा, न कि बोर्ड पर। इस टिप्पणी के बाद बांग्लादेशी क्रिकेटरों का गुस्सा फूट पड़ा।
क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश (CWAB) ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर नजमुल इस्लाम अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तो खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू—दोनों स्तरों पर क्रिकेट का बहिष्कार करेंगे। CWAB के अध्यक्ष मोहम्मद मिथुन ने ESPN से बातचीत में कहा कि खिलाड़ियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
15 जनवरी को होने वाले बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के दो मुकाबलों पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं, क्योंकि बहिष्कार की स्थिति में ये मैच प्रभावित हो सकते हैं।
यह विवाद उस वक्त और गहरा गया जब बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमिम इकबाल ने एक इंटरव्यू में सलाह दी थी कि भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को लेकर फैसला भावनाओं के बजाय भविष्य को ध्यान में रखकर लिया जाना चाहिए। इसके बाद नजमुल इस्लाम ने सोशल मीडिया पोस्ट में तमिम को “भारत का एजेंट” करार दे दिया, जिससे क्रिकेट जगत में तीखी प्रतिक्रिया हुई।
इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों में बढ़ा तनाव भी शामिल है। आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद विवाद और बढ़ गया। इसके बाद BCB ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने टी20 वर्ल्ड कप मैच भारत के बाहर कराने की मांग रखी थी, जिससे बीसीसीआई और BCB के बीच खींचतान शुरू हो गई।
मौजूदा हालात में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बांग्लादेश की टीम टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले पाएगी या नहीं। खिलाड़ियों और बोर्ड के बीच जारी इस टकराव ने न सिर्फ घरेलू क्रिकेट बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बांग्लादेश क्रिकेट की साख को खतरे में डाल दिया है। जब तक यह विवाद सुलझता नहीं, तब तक बांग्लादेश क्रिकेट पर अनिश्चितता के बादल छाए रहें