नेतन्याहू की मुश्किलें बढ़ीं: 600 से अधिक पूर्व इजरायली सुरक्षा अधिकारियों ने ट्रंप से की नेतन्याहू पर दबाव डालने की मांग

नेतन्याहू की मुश्किलें बढ़ीं: 600 से अधिक पूर्व इजरायली सुरक्षा अधिकारियों ने ट्रंप से की नेतन्याहू पर दबाव डालने की मांग

इजरायल में राजनीतिक उथल-पुथल के संकेत अब और तेज हो गए हैं। गाजा में लंबे समय से जारी युद्ध को लेकर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की नीतियों के खिलाफ अब विरोध उनके ही देश के रिटायर्ड सुरक्षा अधिकारियों से उठने लगा है। इजरायल की खुफिया एजेंसियों के पूर्व प्रमुखों सहित 600 से अधिक सेवानिवृत्त जनरलों, अधिकारियों और सुरक्षा विशेषज्ञों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक खुला पत्र भेजा है, जिसमें नेतन्याहू सरकार पर दबाव बनाने की अपील की गई है।

पूर्व अधिकारियों ने इस पत्र में लिखा है कि "हमारा पेशेवर और सामरिक आकलन है कि हमास अब इजरायल के लिए कोई रणनीतिक खतरा नहीं रह गया है।" उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप से अनुरोध किया है कि वह गाजा में जारी युद्ध को समाप्त कराने के लिए नेतन्याहू सरकार पर कूटनीतिक दबाव डालें।

नेतन्याहू को घरेलू मोर्चे पर भी विरोध का सामना

22 महीनों से अधिक समय से इजरायल गाजा में हमास के खिलाफ सैन्य अभियान चला रहा है। इस युद्ध ने न केवल हजारों लोगों की जान ली है, बल्कि देश के भीतर राजनीतिक अस्थिरता को भी जन्म दिया है। अब जब खुद सुरक्षा तंत्र से जुड़े रिटायर्ड वरिष्ठ अधिकारी प्रधानमंत्री की नीतियों पर सवाल उठा रहे हैं, तो यह संकेत है कि नेतन्याहू की कुर्सी पर खतरा मंडरा सकता है।

यह पहला मौका नहीं है जब नेतन्याहू को अपने देश के भीतर से विरोध झेलना पड़ा हो, लेकिन इस बार विरोध का स्तर असाधारण है। जिन अधिकारियों ने यह पत्र लिखा है, वे कभी इजरायल की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के संचालन में अहम भूमिका निभा चुके हैं।

अमेरिका की भूमिका महत्वपूर्ण

इस ओपन लेटर से यह स्पष्ट है कि इजरायल के कुछ शीर्ष पूर्व अधिकारी अब देश के हालात में बाहरी दखल को एक संभावित समाधान के रूप में देख रहे हैं। चूंकि अमेरिका इजरायल का सबसे करीबी सहयोगी है, इसलिए ट्रंप पर यह अपील दबाव का एक तरीका भी हो सकती है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या अमेरिका वास्तव में नेतन्याहू सरकार की नीतियों पर कोई टिप्पणी करता है या इस आंतरिक मामले से दूरी बनाए रखता है।