ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में रहने वाले एक व्यक्ति को कथित रूप से उत्तरी क्षेत्र (Northern Territory) सरकार से 35 लाख डॉलर (लगभग ₹29 करोड़) की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह मामला सरकारी धन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) ने यह कार्रवाई नवंबर 2024 में एक बैंक द्वारा की गई रिपोर्ट के आधार पर शुरू की थी, जिसमें सरकारी एजेंसी से जुड़े एक संदिग्ध ईमेल धोखाधड़ी (Business Email Compromise) की बात सामने आई थी।
जालसाजी ऐसे रची गई:
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को एक निर्माण कंपनी का ठेकेदार बताकर सरकारी एजेंसी को ईमेल भेजा। इस ईमेल में फर्जी दस्तावेज़, जैसे नया बैंक खाता विवरण और 'वेंडर फॉर्म' भी संलग्न था। ईमेल में ऐसे नकली पते और संपर्क नंबर थे, जो असली कंपनी के कर्मचारियों के जैसे दिखते थे।
आरोपी ने असली कंपनी से मिलते-जुलते नाम से एक नई फर्जी कंपनी रजिस्टर करवाई और बैंक खाता खुलवाया, जहां सरकार ने बिना संदेह किए $3,583,363 ट्रांसफर कर दिए।
पुलिस की सतर्कता से बचा अधिकांश पैसा:
जांच में यह सामने आया कि आरोपी ने उस खाते से कई बार नकद निकासी भी की। हालांकि, पुलिस ने अधिकांश राशि बरामद कर ली है, फिर भी करीब $11,600 (₹9.5 लाख) अभी तक गायब हैं।