सिडनी, 26 जून 2025 | विशेष संवाददाता
न्यू साउथ वेल्स की राज्य संसद में उस समय हंगामा मच गया जब एमएलसी मार्क लैथम ने एक बार फिर विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने संसदीय विशेषाधिकार (Parliamentary Privilege) का इस्तेमाल करते हुए स्वतंत्र विधायक एलेक्ज़ ग्रीनविच की निजी जानकारी और न्यू साउथ वेल्स पुलिस पर बनी एक गोपनीय रिपोर्ट के अंश सार्वजनिक रूप से पढ़ दिए।
मुख्यमंत्री क्रिस मिन्स ने लैथम की इस हरकत की कड़ी निंदा करते हुए उन्हें “शर्मनाक और पक्षपाती” करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह सिर्फ एक सस्ती पब्लिसिटी स्टंट है। जो कुछ भी उन्होंने किया, वह न्यू साउथ वेल्स की राजनीति पर एक धब्बा है। इस तरह की व्यक्तिगत हमले हमारे लोकतंत्र की मर्यादा को ठेस पहुंचाते हैं।”
एलेक्ज़ ग्रीनविच, जो लंबे समय से एलजीबीटीक्यू+ अधिकारों और स्वतंत्र आवाज़ों के लिए जाने जाते हैं, पर यह हमला उनके आलोचक मार्क लैथम की ओर से एक बार फिर व्यक्तिगत स्तर पर किया गया है। यह पहली बार नहीं है जब लैथम ने ग्रीनविच पर हमला बोला हो, लेकिन इस बार उन्होंने संसद के मंच से एक गोपनीय दस्तावेज़ का हवाला देते हुए उनके चरित्र पर सवाल उठाए।
यह भी सामने आया है कि मार्क लैथम मैक्वेरी स्ट्रीट के उन नेताओं में हैं, जिन्हें मुफ्त खेल टिकट और कॉर्पोरेट बॉक्स सीटें सबसे ज्यादा मिली हैं। आलोचकों का कहना है कि वह आम जनता के मुद्दों से ज़्यादा निजी एजेंडा और सनसनी फैलाने पर ध्यान दे रहे हैं।
विपक्ष और कई स्वतंत्र सांसदों ने लैथम की इस कार्रवाई की जांच की मांग की है, और इसे संसदीय नियमों के दुरुपयोग का मामला बताया है। संसद में लैथम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।