ऑस्ट्रेलिया में घटती जन्म दर पर ट्रेज़रर जिम चाल्मर्स की प्रतिक्रिया, ‘बेबी बोनस’ योजना फिर से लागू करने से किया इंकार

ऑस्ट्रेलिया में घटती जन्म दर पर ट्रेज़रर जिम चाल्मर्स की प्रतिक्रिया, ‘बेबी बोनस’ योजना फिर से लागू करने से किया इंकार

कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया के ट्रेज़रर जिम चाल्मर्स ने कहा है कि देश में जन्म दर का गिरना “आश्चर्यजनक नहीं” है, क्योंकि परिवार इस समय आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जॉन हॉवर्ड और कुछ अन्य नेताओं द्वारा उठाई गई ‘बेबी बोनस’ योजना को फिर से शुरू करने की मांग को खारिज कर दिया।

चाल्मर्स का कहना है कि सरकार माता-पिता को सहायता देने के लिए “बेहतर और टिकाऊ” तरीकों को प्राथमिकता दे रही है, जिससे लोग अगर चाहें तो अधिक बच्चों के बारे में निर्णय लेने में सक्षम हों। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि परिवारों के लिए यह चुनाव आसान हो, और हमारी कई नीतियां इसी सोच से प्रेरित हैं।”

ऑस्ट्रेलिया में वर्तमान जन्म दर 1.5 प्रति महिला है, जो कि जनसंख्या को स्थिर रखने के लिए आवश्यक 2.1 से काफी कम है। चाल्मर्स ने चेतावनी दी कि यदि उत्पादकता नहीं बढ़ी तो बुजुर्ग आबादी और घटते कार्यबल के चलते आर्थिक दबाव और बढ़ेगा।

पूर्व प्रधानमंत्री जॉन हॉवर्ड ने 2004 में ट्रेज़रर पीटर कॉस्टेलो के समय शुरू हुई 3000 डॉलर की ‘बेबी बोनस’ योजना को पुनः लागू करने का सुझाव दिया था, जिसे चाल्मर्स ने नकार दिया। इसके अलावा, नेशनल पार्टी के सीनेटर मैट कैनावन ने नए माता-पिता को घर खरीदने के लिए 100,000 डॉलर का ऋण देने और सांसद बॉब कैटर ने आय विभाजन के ज़रिये कर में छूट देने का प्रस्ताव रखा है।

सरकार का कहना है कि वह पहले से ही कई स्थायी सहयोग योजनाएँ चला रही है — जैसे कि 5.33 लाख डॉलर से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को सप्ताह में तीन दिन सब्सिडी वाला चाइल्डकेयर, भुगतान वाली पेरेंटल लीव को 25 हफ्तों तक बढ़ाना, और सरकारी पेरेंटल लीव पर सुपरएनुएशन (सेवानिवृत्ति कोष) का भुगतान, ताकि महिलाओं की सुपर गैप को कम किया जा सके।