ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इजरायल को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर गाजा में युद्धविराम (सीजफायर) नहीं हुआ, तो ब्रिटेन फिलिस्तीन को स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता देने की दिशा में आगे बढ़ेगा। यह बयान उन्होंने उस समय दिया है जब मध्य पूर्व में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय सीजफायर की मांग कर रहा है।
प्रधानमंत्री स्टार्मर ने कहा, "हम शांति की उम्मीद रखते हैं, लेकिन अगर इजरायल ने सीजफायर पर सहमति नहीं दी, तो हम फिलिस्तीन को मान्यता देने पर गंभीरता से विचार करेंगे।"
स्टार्मर की यह चेतावनी ऐसे समय पर आई है जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि यदि संघर्ष नहीं रुका, तो फ्रांस फिलिस्तीन को एक स्वतंत्र राष्ट्र के तौर पर मान्यता देगा।
ब्रिटेन और फ्रांस जैसे बड़े देशों के इस प्रकार के रुख से इजरायल पर अंतरराष्ट्रीय दबाव और अधिक बढ़ गया है। यूरोपीय यूनियन के भीतर भी इस विषय को लेकर चर्चा तेज हो गई है कि फिलिस्तीन को अलग देश के रूप में मान्यता दी जाए, जिससे वहां के नागरिकों को आत्मनिर्णय का अधिकार मिल सके।