हरियाणा के डबवाली स्थित सावंतखेड़ा गांव में स्थापित प्रसिद्ध पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की प्रतिमा पर की गई फायरिंग की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। गैंग के सदस्य गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए खुद और आरजू बिश्नोई को इस हमले का जिम्मेदार बताया है।
गोल्डी ढिल्लों ने वीडियो संदेश में कहा –
"जय श्री राम, जय हिंद, सत श्री अकाल... जो भी सिद्धू मूसेवाला की प्रतिमा पर फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं गोल्डी ढिल्लों और आरजू बिश्नोई लेते हैं।"
साथ ही उन्होंने मूर्ति स्थापित करने वाले लोगों को चेतावनी दी:
"जो लोग सिद्धू मूसेवाला को शहीद का दर्जा देकर जनता को गुमराह कर रहे हैं, वे सुधर जाएं वरना अंजाम बुरा होगा। मूर्ति तो भगत सिंह या किसी फौजी की लगाई जाती है, न कि अपराधियों की।"
जननायक जनता पार्टी (JJP) के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला को एक अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर से वीडियो भेजा गया, जिसमें मूसेवाला की प्रतिमा पर गोलियां चलाई जाती दिख रही हैं। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। यह प्रतिमा पिछले साल सावंतखेड़ा गांव में चौटाला द्वारा स्थापित की गई थी।
पुलिस विभाग इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है। सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो की सत्यता की पुष्टि की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मामले को गैंगस्टर गतिविधियों से जोड़कर देख रही हैं और प्रतिमा स्थल की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला (असली नाम शुभदीप सिंह सिद्धू) की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग और कनाडा में छिपे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली थी।