नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच ओवल टेस्ट में भारत की शानदार जीत के बाद इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज की जमकर तारीफ की है। उन्होंने सिराज की तुलना ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वार्न से करते हुए उन्हें "दूसरा शेन वार्न" करार दिया है। नासिर हुसैन का मानना है कि सिराज सिर्फ एक गेंदबाज़ नहीं, बल्कि एक खलनायक की भूमिका निभाते हैं—वो विपक्षी टीम के लिए मुश्किलें खड़ी करते हैं, उन्हें परेशान करते हैं और दर्शकों के लिए लगातार रोमांच बनाए रखते हैं।
हुसैन ने डेली मेल में अपने कॉलम में लिखा, "सिराज एक ऐसा खिलाड़ी है जो हमेशा 100 फीसदी देने के लिए जाना जाता है। वह मैदान पर हर वक्त सक्रिय रहते हैं, उनका फॉलो-थ्रू जबरदस्त है और प्रतिक्रिया इतनी नाटकीय होती है कि हर कोई उनकी ओर खिंचा चला आता है।"
उन्होंने आगे लिखा, "कभी-कभी वह खलनायक की भूमिका निभाते हैं, बिल्कुल शेन वार्न की तरह। लोग उनसे नफ़रत करना पसंद करते हैं, लेकिन उनके चेहरे पर हमेशा एक बड़ी मुस्कान रहती है। वह मैदान पर जुनून के साथ खेलते हैं, हर गेंद पर टीम के लिए लड़ते हैं।"
मोहम्मद सिराज का ओवल टेस्ट में जलवा
ओवल टेस्ट में सिराज ने कुल 9 विकेट झटके और भारत को सीरीज में निर्णायक बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। हुसैन ने सिराज के प्रदर्शन को 'चैंपियन क्रिकेटर की शानदार झलक' बताया और लिखा, "अगर सिराज गलत होते, तो भारत यह सीरीज हार सकता था। तेज़ गेंदबाज़ की बदौलत ही भारत ने यह टेस्ट और पिछला मुकाबला जीता। यह एक चैंपियन की परफॉर्मेंस थी।"
"जन्मजात मनोरंजनकर्ता हैं सिराज"
नासिर हुसैन ने सिराज को एक ‘जन्मजात मनोरंजनकर्ता’ बताते हुए लिखा, "वह खिलाड़ी हैं जो हर पल दर्शकों को बांधे रखते हैं। लॉर्ड्स में निराशा में घुटनों पर बैठना हो, या DRS के फैसले के बाद खुशी से उछलना — वह खेल को नाटकीयता और जोश से भर देते हैं। लेकिन उनके पास सिर्फ शो नहीं, असली हुनर और क्रिकेट का दिल भी है।"
नतीजा साफ है — भारत को मिला है एक नया मैच विनर, जो सिर्फ विकेट नहीं लेता, बल्कि मैच का रुख बदल देता है।