इस्लामाबाद/कराची।
पाकिस्तानी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाला बयान सामने आया है। मशहूर एक्टर और होस्ट यासिर हुसैन ने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और दूसरी शादी को लेकर ऐसा विवादित बयान दे डाला, जिसने सोशल मीडिया पर बवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने पुरुषों के अफेयर और दूसरी शादी के लिए महिलाओं को जिम्मेदार ठहरा दिया, जिसके बाद उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
यासिर हुसैन, जो मशहूर अदाकारा इकरा अजीज के पति हैं, ने अपने एक इंटरव्यू में कहा, "अगर कोई पुरुष दूसरी शादी करता है या किसी और औरत में दिलचस्पी लेने लगता है, तो इसके लिए औरत ही जिम्मेदार होती है।" उनके इस बयान ने सोशल मीडिया यूजर्स को नाराज कर दिया और देखते ही देखते ट्विटर, इंस्टाग्राम समेत सभी प्लेटफॉर्म्स पर उनकी आलोचना शुरू हो गई।
लोगों ने यासिर पर पितृसत्तात्मक सोच को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। एक यूजर ने लिखा, "दूसरी शादी करने या अफेयर रखने का फैसला एक मर्द का होता है, फिर कैसे उसके फैसले की जिम्मेदारी किसी और पर डाली जा सकती है?" वहीं, कुछ यूजर्स ने इकरा अजीज से इस पूरे मसले पर प्रतिक्रिया देने की भी मांग की है।
यासिर हुसैन पहले भी अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। हालांकि, इस बार मामला और गंभीर होता नजर आ रहा है, क्योंकि उनके बयान को महिलाओं के खिलाफ एक मानसिकता के तौर पर देखा जा रहा है।
अब देखना होगा कि यासिर हुसैन इस आलोचना का क्या जवाब देते हैं और क्या वह अपने बयान पर सफाई देते हैं या माफी मांगते हैं।