कांटा लगा’ गर्ल का 42 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से हुआ निधन, सलमान-अक्षय की फिल्म से किया था बॉलीवुड डेब्यू

कांटा लगा’ गर्ल का 42 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से हुआ निधन, सलमान-अक्षय की फिल्म से किया था बॉलीवुड डेब्यू

नई दिल्ली।
मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेत्री और ‘कांटा लगा’ गाने से मशहूर हुईं शेफाली जरीवाला का शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह मात्र 42 वर्ष की थीं। जानकारी के अनुसार, उनके पति पराग त्यागी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि शेफाली की मृत्यु अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।

रातोंरात मिली थी ‘कांटा लगा’ से पहचान
साल 2002 में रीमिक्स पॉप गाने ‘कांटा लगा’ में नजर आने के बाद शेफाली जरीवाला घर-घर में लोकप्रिय हो गई थीं। इस गाने ने उन्हें अचानक एक अलग पहचान दिलाई और वह म्यूजिक वीडियो जगत की स्टार बन गईं। इसके बाद उन्होंने 2004 में सलमान खान और अक्षय कुमार की फिल्म मुझसे शादी करोगी में एक छोटी लेकिन यादगार भूमिका से बॉलीवुड में डेब्यू किया। बहुत से लोग नहीं जानते कि यही उनकी पहली फिल्म थी।

टीवी रियलिटी शोज़ में भी दिखाया दम
शेफाली ने सिर्फ म्यूजिक और फिल्मों में ही नहीं, बल्कि टीवी रियलिटी शोज़ में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने ‘नच बलिए’ में अपने पति पराग त्यागी के साथ भाग लिया और बाद में ‘बिग बॉस 13’ में भी नजर आईं। इन शोज़ में उनके स्वाभाव, स्पष्टता और डांस ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

शादी और निजी जीवन
पराग त्यागी से विवाह से पहले शेफाली ने साल 2004 में म्यूजिक डायरेक्टर हरमीत सिंह (मीत ब्रदर्स) से शादी की थी। हालांकि, यह विवाह ज्यादा लंबा नहीं चला और 2009 में दोनों का तलाक हो गया। तलाक के बाद शेफाली ने हरमीत पर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे। इसके बाद उन्होंने पराग त्यागी से विवाह किया और दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने भी खूब पसंद किया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और संघर्ष
शेफाली जरीवाला कंप्यूटर एप्लीकेशन में स्नातक थीं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उन्हें पहली बार 15 वर्ष की उम्र में मिर्गी का दौरा पड़ा था। तनाव और चिंता की वजह से यह बीमारी बढ़ी, लेकिन उन्होंने नियमित व्यायाम और मानसिक सशक्तिकरण के माध्यम से इससे लड़ाई लड़ी। उन्होंने डिप्रेशन जैसी मानसिक चुनौतियों से भी साहसपूर्वक मुकाबला किया।

कितनी थी नेटवर्थ?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शेफाली जरीवाला की कुल संपत्ति लगभग 7.5 करोड़ रुपये आंकी गई थी। उन्होंने म्यूजिक वीडियोज, फिल्मों, टीवी शोज़ और विज्ञापन अभियानों से यह संपत्ति अर्जित की थी।

मनोरंजन जगत में शोक की लहर
शेफाली जरीवाला के असमय निधन से पूरे मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। उनके प्रशंसक और सहकलाकार सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उनका यूं अचानक चले जाना इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है।