नई दिल्ली।
सोना कॉमस्टार के चेयरमैन और मशहूर उद्योगपति संजय कपूर के निधन के बाद उनके परिवार में 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति और कंपनी के उत्तराधिकार को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। संजय कपूर का हाल ही में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया था। अचानक आई इस खबर ने न केवल उनके परिवार बल्कि उद्योग जगत को भी गहरे सदमे में डाल दिया।
इसी बीच संजय कपूर की बहन मंधीरा कपूर ने अपनी भाभी और बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर को लेकर एक भावुक बयान दिया है। उन्होंने करिश्मा की सराहना करते हुए कहा कि वह एक “अच्छी मां” हैं और अपने बच्चों की परवरिश बखूबी कर रही हैं।
एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में मंधीरा कपूर ने कहा—
"वह एक अच्छी मां हैं। उन्होंने परिवार को जोड़े रखने में बहुत अच्छा काम किया है। मैं इसके लिए उनकी तारीफ करती हूं। उनके बच्चे हमेशा एक-दूसरे के करीब रहे हैं और उनके रिश्ते मजबूत बने हुए हैं। मुझे उम्मीद है कि हम आगे भी परिवार को एकजुट रख पाएंगे, क्योंकि करिश्मा अपने बच्चों का ख्याल उसी तरह रख रही हैं जैसे कोई भी मां रखती है।"
जब मंधीरा कपूर से पूछा गया कि क्या संजय की मौत के बाद वह करिश्मा से संपर्क में हैं, तो उन्होंने कहा—
"हाँ, बिल्कुल। मुझे यकीन है कि वह प्रिया (संजय कपूर की पत्नी प्रिया सचदेव) के भी संपर्क में हैं। सच यह है कि हमारे बीच हमेशा अच्छे रिश्ते रहे हैं। बच्चे अपनी मां से मिलने आते रहे हैं और हम सब जुड़े रहते हैं। इसका मतलब यह नहीं कि परिवार में कोई झगड़ा है।"
गौरतलब है कि करिश्मा कपूर और संजय कपूर ने साल 2003 में शादी की थी। लेकिन 2016 में दोनों का तलाक हो गया। दंपति के दो बच्चे—समायरा कपूर और किआन कपूर—हैं। तलाक के बाद भी करिश्मा ने बच्चों की परवरिश खुद की जिम्मेदारी पर संभाली और अब मंधीरा कपूर भी उनकी इस भूमिका की सराहना करती नजर आ रही हैं।