चेन्नई। टीम इंडिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा है कि विराट कोहली की टेस्ट सफलताओं के पीछे चेतेश्वर पुजारा की अहम भूमिका रही है। अश्विन का मानना है कि पुजारा की धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी और नंबर तीन पर उनकी मौजूदगी ने कई बार कोहली को खुलकर खेलने का अवसर दिया।
अश्विन ने कहा कि पुजारा का डिफेंस और उनकी टिकाऊ बल्लेबाजी ने भारतीय पारी को मजबूती दी। इससे बाद में आने वाले बल्लेबाजों को अनुकूल माहौल मिला और खासतौर पर कोहली को अपने नैचुरल अंदाज में रन बनाने का आत्मविश्वास मिला। अश्विन ने स्पष्ट किया कि चाहे लोग इसे मानें या नहीं, लेकिन विराट कोहली के बड़े स्कोर के पीछे पुजारा की यह भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है।
अश्विन ने कहा कि क्रिकेट में हमेशा रन बनाने वाले बल्लेबाज ही चर्चाओं में रहते हैं, जबकि असली मंच तैयार करने वाले खिलाड़ियों का योगदान अक्सर नजरअंदाज हो जाता है। उन्होंने पुजारा को ऐसा खिलाड़ी बताया, जिन्होंने कई बार भारत को मुश्किल परिस्थितियों से निकाला और टीम के लिए नींव मजबूत की।
विराट कोहली ने अपने टेस्ट करियर में शानदार उपलब्धियां हासिल कीं और दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में जगह बनाई। लेकिन अश्विन के अनुसार इन उपलब्धियों में पुजारा का योगदान उतना ही अहम रहा है। उन्होंने कहा कि पुजारा की मौजूदगी ने कोहली को मानसिक मजबूती दी और उनकी आक्रामकता को खुलकर सामने आने का मौका मिला।
चेतेश्वर पुजारा लंबे समय तक भारतीय टेस्ट टीम की रीढ़ बने रहे। भले ही उन्हें वनडे और टी20 क्रिकेट में ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनका प्रदर्शन हमेशा टीम के लिए संजीवनी साबित हुआ। हाल ही में पुजारा ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की है। अश्विन के इस बयान ने एक बार फिर उनके योगदान और महत्व को चर्चा में ला दिया है।