गाजा शांति सम्मेलन में ट्रंप ने की पीएम मोदी की तारीफ, कहा– भारत महान देश और मेरे बहुत अच्छे मित्र वहां शीर्ष पर हैं

गाजा शांति सम्मेलन में ट्रंप ने की पीएम मोदी की तारीफ, कहा– भारत महान देश और मेरे बहुत अच्छे मित्र वहां शीर्ष पर हैं

गाजा में युद्धविराम समझौते के बाद मिस्र के शहर शर्म अल-शेख में आयोजित वैश्विक नेताओं के शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा, “भारत एक महान देश है और उसके शीर्ष पर मेरा बहुत अच्छा मित्र है, जिसने शानदार काम किया है।”

ट्रंप के इस बयान के दौरान खास बात यह रही कि उनके पीछे ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ खड़े थे। मोदी की तारीफ करते हुए ट्रंप ने जब शहबाज की ओर देखा, तो उन्होंने मुस्कुराकर प्रतिक्रिया दी।


“भारत और पाकिस्तान अब अच्छे संबंधों की ओर बढ़ेंगे”

ट्रंप ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारत और पाकिस्तान अब बेहतर संबंधों की दिशा में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई दी है।


गाजा में युद्ध समाप्त, मानवता की जीत : ट्रंप

ट्रंप ने कहा, “वर्षों की पीड़ा और रक्तपात के बाद गाजा में युद्ध समाप्त हो गया है। अब सैकड़ों ट्रकों में भोजन, दवाएं और अन्य आवश्यक वस्तुएं वहां पहुंच रही हैं। नागरिक अपने घरों को लौट रहे हैं और बंधक अपने परिवारों से मिल रहे हैं। यह मानवता के लिए एक नए और खूबसूरत दिन की शुरुआत है।”

उन्होंने यह भी कहा कि अब पुनर्निर्माण का कार्य शुरू हो गया है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि गाजा को पूरी तरह विसैन्यीकृत किया जाए ताकि वहां के नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण बन सके।


“तीसरा विश्व युद्ध मध्य पूर्व से शुरू नहीं होगा”

ट्रंप ने कहा कि यह क्षण केवल मध्य पूर्व के लिए नहीं बल्कि पूरी दुनिया के इतिहास के लिए अहम है। उन्होंने स्पष्ट किया, “हम तीसरा विश्व युद्ध नहीं लड़ेंगे, और यह निश्चित रूप से मध्य पूर्व से शुरू नहीं होने वाला है।”


भारत ने गाजा शांति समझौते का स्वागत किया

भारत ने इस्राइल और हमास के बीच हुए युद्धविराम समझौते और गाजा में शांति स्थापना के प्रयासों का स्वागत किया है। विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि भारत “दो राष्ट्र समाधान” के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है और स्थायी शांति के लिए सभी प्रयासों का समर्थन करेगा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “भारत ऐतिहासिक शांति समझौते पर हस्ताक्षर का स्वागत करता है और उम्मीद करता है कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी।”


भारतीय प्रतिनिधि कीर्ति वर्धन सिंह ने की ट्रंप से मुलाकात

इस शिखर सम्मेलन के दौरान भारत के विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की। इस सम्मेलन की संयुक्त मेजबानी ट्रंप और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने की थी, जिसमें कई वैश्विक नेता उपस्थित थे।


भारत ने मिस्र और कतर की भूमिका की सराहना की

भारत ने कहा कि गाजा शांति प्रक्रिया में मिस्र और कतर की भूमिका सराहनीय रही है और यह सुनिश्चित करेगी कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता कायम रहे।