कैनबरा।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल ने अपने पुराने राजनीतिक गठबंधन — कोएलिशन — पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी अभी भी “वास्तविकता से दूर” ऊर्जा बहसों में उलझी हुई है। टर्नबुल गुरुवार को संसद भवन में अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल की आधिकारिक पेंटिंग के अनावरण कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
कार्यक्रम में मौजूद विपक्ष की नेता सुज़ैन ले सहित कई वरिष्ठ नेताओं के सामने, टर्नबुल ने कहा कि सात साल बाद भी दाएं झुकाव वाली राजनीति में “ऊर्जा को लेकर वही पागलपन भरी चर्चाएँ” दोहराई जा रही हैं।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा,
“कुछ भी नहीं बदला है। ऊर्जा नीति इंजीनियरिंग और अर्थशास्त्र के आधार पर बननी चाहिए, न कि विचारधारा और मूर्खता के आधार पर। लेकिन आज भी वास्तविकता और भौतिक विज्ञान से इनकार जारी है।”
मीडिया से बातचीत में टर्नबुल ने कोएलिशन के भीतर की “मूल समस्या” को रेखांकित करते हुए कहा कि पार्टी का एक वर्ग राजनीति को एक विशेष दक्षिणपंथी मीडिया समूह की मंजूरी हासिल करने का साधन मानता है।
उन्होंने कहा,
“यह समस्या मेरे समय में भी थी, लेकिन अब और गंभीर हो गई है। कुछ लोग सोचते हैं कि राजनीति का उद्देश्य सिर्फ एक छोटे से दक्षिणपंथी मीडिया खंड की प्रशंसा जीतना है। यही वजह है कि वे संस्कृति युद्धों और वास्तविकता से इनकार करने वाले मुद्दों पर चल पड़े हैं, जो बेहद दुखद है।”
टर्नबुल ने यह भी कहा कि जनता चुनावों और ताज़ा सर्वेक्षणों में इसे स्पष्ट रूप से नकार चुकी है।
पूर्व प्रधानमंत्री ने कोएलिशन पर आरोप लगाया कि उसने अल्बानीज़ सरकार की पर्यावरणीय सुधार योजना में रचनात्मक भूमिका निभाने से जानबूझकर दूरी बनाई, जबकि सुझावों और सहयोग के लिए उनके पास “महत्पूर्ण अवसर” मौजूद थे।
गौरतलब है कि हाल ही में कोएलिशन ने अपनी नेट-ज़ीरो नीति से हाथ खींच लिया था, जिसके बाद पार्टी के भीतर और बाहर आलोचना बढ़ी है।
टर्नबुल के पोट्रेट अनावरण कार्यक्रम में सुज़ैन ले दर्शक दीर्घा में खड़ी रहीं और बाद में उन्होंने टर्नबुल से औपचारिक रूप से हाथ मिलाया।
इस मौके पर पूर्व वरिष्ठ कोएलिशन नेता — जूली बिशप, क्रिस्टोफर पाइन, माइकल मैककॉर्मैक और जॉर्ज ब्रैंडिस — भी उपस्थित थे।
वेंटवर्थ की स्वतंत्र सांसद एलेग्रा स्पेंडर, जो टर्नबुल की पूर्व सीट का प्रतिनिधित्व करती हैं, कार्यक्रम में शामिल हुईं।