मेलबर्न/सिडनी – ऑस्ट्रेलिया-न्यूज़ीलैंड बैंक (ANZ) में बड़े पैमाने पर संरचनात्मक बदलाव की तैयारी ने कर्मचारियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। बैंक के नए सीईओ नूनो मातोस ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में संगठन को “तेज़ और चुस्त” बनाने के लिए बड़े बदलाव किए जाएंगे।
अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, इस पुनर्गठन में लगभग 2000 कर्मचारियों की छंटनी हो सकती है। कर्मचारियों ने इस संभावित संकट को मज़ाकिया अंदाज़ में ‘नूनो-गैडन’ नाम दे दिया है, लेकिन असल में दफ्तर के माहौल में बेचैनी और अनिश्चितता साफ़ महसूस की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि सीईओ मातोस लागत घटाने, डिजिटल सेवाओं पर ज़ोर बढ़ाने और कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने पर ज़ोर दे रहे हैं। इसका असर विशेष रूप से मध्य और वरिष्ठ स्तर के स्टाफ पर पड़ सकता है।
हालाँकि, बैंक प्रबंधन का दावा है कि यह बदलाव दीर्घकालिक विकास और प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए ज़रूरी है, लेकिन कर्मचारियों के बीच यह चिंता बनी हुई है कि आने वाले महीनों में रोज़गार का परिदृश्य और कठिन हो सकता है।