कोलकाता।
पश्चिम बंगाल में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल तेजी से गरमाता जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कोलकाता में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ कहा कि वर्ष 2026 का पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव घुसपैठ रोकने के मुद्दे पर लड़ा जाएगा और यह केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा सवाल है।
अमित शाह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनावी लाभ के लिए बांग्लादेश से हो रही अवैध घुसपैठ को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा जमीन उपलब्ध न कराए जाने के कारण भारत–बांग्लादेश सीमा पर बाड़बंदी का काम अधूरा है, जिससे घुसपैठ की समस्या लगातार बनी हुई है।
गृह मंत्री ने कहा कि त्रिपुरा, असम, राजस्थान, पंजाब, कश्मीर और गुजरात जैसी सीमावर्ती राज्यों में घुसपैठ पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है, लेकिन पश्चिम बंगाल में स्थिति जस की तस है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्यों है। शाह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की जानकारी में घुसपैठ हो रही है और इसका उद्देश्य जनसंख्या संरचना में बदलाव कर वोट बैंक मजबूत करना है।
भय और भ्रष्टाचार का आरोप
अमित शाह ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में तृणमूल कांग्रेस के शासन में बंगाल भय, भ्रष्टाचार और कुशासन का केंद्र बन गया है। भ्रष्टाचार के कारण राज्य का विकास रुक गया है और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जमीन पर नहीं उतर पा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आम नागरिकों में असुरक्षा और चिंता का माहौल है।
सीमा पर बाड़बंदी को लेकर पत्राचार
एक सवाल के जवाब में शाह ने बताया कि उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने के संबंध में सात पत्र लिखे हैं। इसके अलावा गृह सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी कई बार राज्य सरकार के साथ बैठकें कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने पूछा कि आखिर राज्य सरकार जमीन देने से क्यों कतरा रही है।
भाजपा सरकार का दावा
अमित शाह ने भरोसा जताया कि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ा है और यह चुनावी नतीजों में साफ दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य की संस्कृति और विरासत को संरक्षित किया जाएगा, विकास की रफ्तार तेज होगी और गरीबों के कल्याण को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही घुसपैठ रोकने के लिए मजबूत राष्ट्रीय ग्रिड तैयार किया जाएगा।
अमित शाह ने अंत में दोहराया कि बंगाल की सीमा से हो रही अवैध घुसपैठ देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।