ऑस्ट्रेलिया में 18–20 वर्ष के युवाओं को मिलेगा पूर्ण वयस्क वेतन, ऐतिहासिक फैसला

ऑस्ट्रेलिया में 18–20 वर्ष के युवाओं को मिलेगा पूर्ण वयस्क वेतन, ऐतिहासिक फैसला

ऑस्ट्रेलिया में काम करने वाले हजारों युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। Fair Work Commission ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 18 से 20 वर्ष के कर्मचारियों के लिए “जूनियर वेतन दर” को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने का फैसला किया है।

इस फैसले के तहत, जो युवा कर्मचारी फास्ट फूड, रिटेल (खुदरा) और फार्मेसी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में छह महीने से अधिक समय तक काम करेंगे, उन्हें अब 100 प्रतिशत वयस्क वेतन दिया जाएगा। यह बदलाव अगले चार वर्षों में धीरे-धीरे लागू किया जाएगा।

यह निर्णय Shop Distributive and Allied Employees Association (SDA) के लंबे समय से चल रहे “Adult age, adult wage” अभियान का परिणाम है। संगठन ने इसे “ऐतिहासिक” और “बहुत महत्वपूर्ण” कदम बताया है।

SDA के अनुसार, 18 वर्ष की उम्र में व्यक्ति को कानूनन वयस्क माना जाता है—वह वोट दे सकता है, गाड़ी चला सकता है और देश की सेवा भी कर सकता है—तो फिर उसे कम वेतन देना उचित नहीं है।

संगठन के राष्ट्रीय सचिव जेरार्ड ड्वायर ने कहा कि यह फैसला भले ही देर से आया हो, लेकिन अब यह सुनिश्चित करेगा कि युवा कर्मचारियों को “दूसरे दर्जे का नागरिक” नहीं समझा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आज के युवा भी बढ़ती महंगाई, किराए और ईंधन की कीमतों जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, इसलिए उन्हें समान वेतन मिलना जरूरी है।

ऑस्ट्रेलिया में रिटेल, फास्ट फूड और फार्मेसी सेक्टर में लगभग 15 लाख लोग काम करते हैं, जिनमें बड़ी संख्या 21 वर्ष से कम उम्र के युवाओं की है। इस फैसले से इन सभी को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

यह कदम ऑस्ट्रेलिया में वेतन समानता की दिशा में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है, जिसे कई लोग महिलाओं के लिए समान वेतन लागू होने जैसे ऐतिहासिक फैसलों की श्रेणी में रख रहे हैं।