समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आज़म खान जेल से रिहा, बेटे और समर्थकों ने किया स्वागत

समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आज़म खान जेल से रिहा, बेटे और समर्थकों ने किया स्वागत

सीतापुर, 23 सितंबर 2025
करीब दो साल की लंबी कैद के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आज़म खान मंगलवार को सीतापुर जेल से रिहा हो गए। इलाहाबाद हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह 23 महीने बाद जेल से बाहर आए।

रिहाई में हुई देरी

हालांकि आज़म खान की रिहाई सुबह ही होनी थी, लेकिन बेल बॉन्ड में दर्ज उनके पते में गलती पाए जाने के कारण प्रक्रिया अटक गई। जेल प्रशासन ने बताया कि किसी भी कैदी की रिहाई के लिए बेल बॉन्ड में सही और पूरा पता अनिवार्य होता है। पते में त्रुटि होने से रिहाई की प्रक्रिया कुछ घंटों तक रुकी रही।

समर्थकों का भारी जमावड़ा

सीतापुर जेल के बाहर उनके बेटे अदीब खान, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक अनूप गुप्ता, जिला अध्यक्ष छत्रपति यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। जेल से बाहर आते ही समर्थकों ने उनका फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।

प्रशासन ने लगाए प्रतिबंध

जिला प्रशासन ने किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में समर्थक जेल के पास पहुंच गए। इस दौरान वाहनों की भीड़ से ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों के चालान काटे।

सीओ नगर विनायक भोसले ने बताया कि निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद अफरा-तफरी रही और भीड़भाड़ से हालात बिगड़ने की आशंका थी। वाहनों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन कई लोग जेल तक पहुंच गए।

लंबे समय से कानूनी लड़ाई

आजम खान कई मामलों का सामना कर रहे हैं और लगभग दो साल से जेल में बंद थे। अब हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई से सपा खेमे में उत्साह का माहौल है।