बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप: आयुष शेट्टी का ऐतिहासिक कारनामा, विश्व नंबर-1 को हराकर फाइनल में पहुंचे

बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप: आयुष शेट्टी का ऐतिहासिक कारनामा, विश्व नंबर-1 को हराकर फाइनल में पहुंचे

निंगबो (चीन)। भारत के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। 20 वर्षीय शेट्टी ने सेमीफाइनल मुकाबले में विश्व नंबर-1 कुनलावुत वितिदसरन को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ उन्होंने न केवल बड़ा उलटफेर किया, बल्कि भारत के लिए 59 साल बाद इस टूर्नामेंट के पुरुष एकल फाइनल में पहुंचने का गौरव भी हासिल किया।

निंगबो ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में आयुष ने पहला गेम 10-21 से गंवाने के बाद जबरदस्त वापसी की। उन्होंने अगले दो गेम 21-19 और 21-17 से जीतकर मैच अपने नाम किया। करीब 75 मिनट तक चले इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी ने दबाव के क्षणों में अद्भुत संयम और आत्मविश्वास का परिचय दिया।

यह जीत आयुष के लिए खास इसलिए भी रही क्योंकि उन्होंने पिछले साल आर्कटिक ओपन में मिली हार का बदला भी पूरा कर लिया। उस मुकाबले में वितिदसरन ने उन्हें सीधे गेमों में हराया था, लेकिन इस बार आयुष ने परिस्थितियों को अपने पक्ष में मोड़ते हुए शानदार जीत दर्ज की।

आयुष शेट्टी अब इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाले भारत के दूसरे पुरुष एकल खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले 1965 में दिनेश खन्ना ने स्वर्ण पदक जीतकर यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं, 2018 में एचएस प्रणय ने कांस्य पदक जीता था।

इस टूर्नामेंट में आयुष का प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है। उन्होंने क्वार्टरफाइनल में विश्व नंबर-4 जोनाथन क्रिस्टी को 23-21, 21-17 से हराया। इसके अलावा उन्होंने चीनी ताइपे के चिन यू जेन और चीन के ली शी फेंग जैसे मजबूत खिलाड़ियों को भी मात दी।

अब फाइनल में आयुष का सामना चाऊ तियेन चेन और शी यूकी के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। आयुष पहले ही रजत पदक सुनिश्चित कर चुके हैं, लेकिन उनकी नजर स्वर्ण जीतकर एक और इतिहास रचने पर है।

वहीं, अन्य भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस प्रतियोगिता में निराशाजनक रहा। पीवी सिंधू दूसरे दौर में बाहर हो गईं, जबकि लक्ष्य सेन पहले ही दौर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

आयुष शेट्टी का यह प्रदर्शन भारतीय बैडमिंटन के लिए नई उम्मीद लेकर आया है और उन्हें देश का अगला बड़ा सितारा माना जा रहा है।