बांग्लादेश संसदीय चुनाव: रुझानों में बीएनपी को 131 सीटों पर बढ़त, जमात 26 पर आगे

बांग्लादेश संसदीय चुनाव: रुझानों में बीएनपी को 131 सीटों पर बढ़त, जमात 26 पर आगे

ढाका। बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद जारी मतगणना में शुरुआती रुझानों में मुख्य विपक्षी दल बीएनपी (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार बीएनपी 131 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि जमात-ए-इस्लामी 26 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से अंतिम और आधिकारिक परिणामों की घोषणा देर रात तक की जानी है, ऐसे में आंकड़ों में बदलाव संभव है।

300 सदस्यीय जातीय संसद में साधारण बहुमत के लिए 151 सीटों की आवश्यकता होती है। रुझानों के आधार पर बीएनपी बहुमत के करीब पहुंचती नजर आ रही है। पार्टी नेताओं ने दावा किया है कि उन्हें स्पष्ट जनादेश मिल रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

यह चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़ने के करीब डेढ़ वर्ष बाद पहली बार कराया गया है। अवामी लीग इस बार चुनावी मैदान से बाहर रही, जिससे मुकाबला मुख्य रूप से बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के बीच सिमट गया।

मतदान के दौरान देशभर में करीब नौ लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी। कुछ स्थानों पर छिटपुट हिंसा और धमाकों की खबरें भी सामने आईं। चुनाव आयोग के अनुसार मतदान समाप्ति तक 40 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि अंतिम नतीजों में भी बीएनपी बढ़त बनाए रखती है, तो बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल देश की नजरें आधिकारिक परिणामों पर टिकी हैं।