बिग बॉस 19 में सियासी संग्राम: दो दल, वोटिंग से बनेगी सरकार, मंत्री होंगे चयनित

बिग बॉस 19 में सियासी संग्राम: दो दल, वोटिंग से बनेगी सरकार, मंत्री होंगे चयनित

मुंबई। रियलिटी टीवी शो बिग बॉस 19 इस बार दर्शकों के सामने एक अनोखा और दिलचस्प ट्विस्ट लेकर आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस सीज़न की थीम राजनीति पर आधारित होगी, जिसमें कंटेस्टेंट्स दो राजनीतिक दलों में बंटे होंगे और घर के अंदर सरकार बनाने का खेल खेला जाएगा।

शो के प्रीमियर एपिसोड से ही इस राजनीतिक रंग की शुरुआत हो जाएगी। कंटेस्टेंट्स को दो ग्रुप्स में बांटा जाएगा — बिलकुल चुनावी पार्टियों की तरह। इन दलों के बीच सत्ता की लड़ाई होगी और हर हफ्ते घरवालों को वोटिंग के ज़रिए अपने नेता यानी 'मुख्यमंत्री' और 'मंत्रियों' का चयन करना होगा।

सूत्रों के अनुसार, घर के भीतर एक 'विधानसभा' जैसी व्यवस्था तैयार की जाएगी, जहां मंत्री नीतियां बनाएंगे और विपक्ष सवाल उठाएगा। इस दौरान हर हफ्ते न सिर्फ सरकार बदलेगी, बल्कि मंत्री पद भी छिन सकते हैं। यानि सत्ता का खेल अब घर के अंदर भी उतना ही दिलचस्प होगा जितना असली राजनीति में।

शो के होस्ट सलमान खान इस बार भी दर्शकों का मनोरंजन करते नज़र आएंगे, लेकिन उनके रोल में भी कुछ नया ट्विस्ट देखने को मिल सकता है। माना जा रहा है कि सलमान खुद 'राज्यपाल' की भूमिका निभा सकते हैं, जो समय-समय पर निर्णय लेने या सरकार को बर्खास्त करने की शक्ति रखेंगे।

बिग बॉस 19 की इस अनोखी सियासी थीम से दर्शकों की उत्सुकता पहले से ही चरम पर है। अब देखना ये होगा कि इस राजनीतिक जंग में कौन बनेगा ‘बिग बॉस सरकार’ और कौन टिकेगा आख़िरी तक।