नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग (ECI) ने मतदान प्रक्रिया को और पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इन गाइडलाइन के तहत अब हर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरें लगाई जाएंगी। इसके साथ ही, हर बैलेट यूनिट और VVPAT पर स्पष्ट सीरियल नंबर अंकित करना भी अनिवार्य होगा।
आयोग का कहना है कि कई बार मतदाताओं को केवल नाम और चुनाव चिन्ह देखकर उम्मीदवार की पहचान करने में कठिनाई होती है। विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों और अशिक्षित मतदाताओं के लिए यह बड़ी चुनौती होती है। रंगीन फोटो की सुविधा मिलने से मतदाता को सही उम्मीदवार चुनने में आसानी होगी।
वहीं, सीरियल नंबर की अनिवार्यता से मतदान के दौरान किसी भी तरह की तकनीकी गड़बड़ी, गड़बड़ी की आशंका या संदेह की स्थिति में मशीनों की पहचान और जांच करना सरल होगा। इससे मतदान प्रक्रिया पर जनता का भरोसा और मजबूत होगा।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन नए प्रावधानों का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाना है। फोटो, नाम और चुनाव चिह्न एक साथ दिखने से मतदाताओं के लिए भ्रम की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी।
आयोग ने सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से अपील की है कि वे इस पहल को सहयोगात्मक दृष्टि से लें, ताकि लोकतंत्र की मजबूती में सबकी भूमिका सुनिश्चित हो सके।
बिहार विधानसभा चुनाव में पहली बार इन गाइडलाइन का पालन होगा। इसके बाद इसे अन्य राज्यों के चुनावों में भी लागू किया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता को बढ़ाएगा और मतदाताओं में आत्मविश्वास जगाएगा।