नई दिल्ली, 18 अगस्त 2025 (सोमवार)।
राजधानी दिल्ली एक बार फिर बम धमकी से दहशत में आ गई। सोमवार सुबह दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) द्वारका को बम से उड़ाने की धमकी भरा कॉल आया। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने एहतियातन परिसर खाली करवा दिया और पुलिस, बम स्क्वायड व दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, केवल डीपीएस द्वारका ही नहीं बल्कि दिल्ली के दो अन्य स्कूलों और एक कॉलेज को भी धमकी भरे ईमेल मिले हैं। फिलहाल सभी जगह तलाशी अभियान जारी है और छात्रों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। सुबह 7:24 बजे कंट्रोल रूम को इसकी पहली सूचना मिली थी।
यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली के शैक्षणिक संस्थानों को धमकी मिली हो। जुलाई 2025 में भी 20 से अधिक स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस दौरान पश्चिम विहार के रिचमंड ग्लोबल स्कूल, द्वारका के सेंट थॉमस स्कूल, वसंत कुंज का वसंत वैली स्कूल, हौज खास स्थित मदर्स इंटरनेशनल स्कूल और लोदी एस्टेट का सरदार पटेल विद्यालय सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों को निशाना बनाया गया था।
केवल स्कूल ही नहीं बल्कि दिल्ली विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले आईपी कॉलेज फॉर वूमेन, हिंदू कॉलेज और श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स को भी पहले धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। हालांकि तलाशी के बाद सभी धमकियां झूठी साबित हुई थीं।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि हर कॉल और ईमेल को गंभीरता से लिया जा रहा है। सुरक्षा बल और बम निरोधक दस्ते पूरी सतर्कता से तलाशी अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बच्चों की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त रहें।
👉 फिलहाल इस घटना से दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों और कॉलेजों में खलबली मची हुई है। पुलिस साइबर सेल ईमेल के स्रोत और फोन कॉल की जांच कर रही है।