25 जून 2025 | बुधवार | सिडनी
सिडनी के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित Bonnyrigg हाई स्कूल में बुधवार को एक अप्रत्याशित घटना के बाद लॉकडाउन की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके चलते छात्रों और स्टाफ को स्कूल से एवैक्यूएट (निकाला) करना पड़ा।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सुबह 11:30 बजे के आसपास स्कूल प्रशासन को एक ऐसी जानकारी प्राप्त हुई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से आपातकालीन निकासी योजना को सक्रिय किया गया और NSW पुलिस को बुलाया गया।
स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा जारी बयान में कहा गया,
“सभी छात्र और स्टाफ पूरी तरह से सुरक्षित हैं और उन्होंने व्यवस्थित ढंग से नामित स्थानों पर पहुंचकर निर्देशों का पालन किया। स्थिति को ध्यान में रखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।”
स्कूल की सोशल मीडिया पोस्ट में अभिभावकों से अपील की गई कि वे स्कूल या अपने बच्चों से संपर्क न करें।
"कृपया ध्यान दें, स्कूल में फिलहाल निकासी प्रक्रिया चल रही है। आपसे अनुरोध है कि न तो स्कूल और न ही अपने बच्चों से संपर्क करें। जल्द ही आपको आगे की जानकारी दी जाएगी।"
करीब 12:50 बजे पुलिस द्वारा स्कूल परिसर की गहन जांच के बाद यह स्पष्ट किया गया कि कोई खतरनाक वस्तु या गतिविधि नहीं पाई गई और सामान्य कक्षाएं पुनः शुरू कर दी गईं।
NSW पुलिस ने इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई।
एक यूज़र ने लिखा, “हे भगवान! उम्मीद है कि सभी छात्र और स्टाफ सुरक्षित हैं।”
वहीं एक अन्य ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में लिखा, “शायद कोई अपना होमवर्क करना भूल गया…”
हालांकि राहत की बात यह है कि कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ और स्कूल में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई है।