ब्रिस्बेन 2032 ओलंपिक ने पेश किया नया विज़न स्लोगन: ‘बिलीव. बिलॉन्ग. बिकम.’

ब्रिस्बेन 2032 ओलंपिक ने पेश किया नया विज़न स्लोगन: ‘बिलीव. बिलॉन्ग. बिकम.’

ब्रिस्बेन। आगामी ब्रिस्बेन 2032 ओलंपिक खेलों के आयोजकों ने गुरुवार को खेलों का आधिकारिक विज़न स्लोगन जारी किया। नया संदेश है— “बिलीव. बिलॉन्ग. बिकम. ब्रिस्बेन 2032”। आयोजकों के अनुसार यह स्लोगन उन मूल्यों को दर्शाता है जिन पर ऑस्ट्रेलिया अपने तीसरे ओलंपिक की पहचान बनाना चाहता है।

जानकारी के मुताबिक, स्लोगन तय करने की प्रक्रिया बेहद व्यापक रही। लगभग 40 वर्कशॉप्स और विभिन्न समुदायों से परामर्श के बाद यह विज़न चुना गया। आयोजन समिति का कहना है कि यह संदेश हर उम्र और हर पृष्ठभूमि के लोगों को जोड़ने वाला है—खिलाड़ियों से लेकर दर्शकों तक, और स्थानीय समुदाय से लेकर वैशिक ओलंपिक परिवार तक।

हालांकि, इस स्लोगन की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि इसकी भाषा कुछ लोगों को चर्च या आध्यात्मिक अभियानों में इस्तेमाल होने वाले नारों की याद दिलाती है। सोशल मीडिया पर स्लोगन को लेकर मीम्स और टिप्पणियाँ भी सामने आई हैं। इसके बावजूद, आयोजन समिति का कहना है कि उनका उद्देश्य एक ऐसा विज़न तैयार करना था जो आशा, एकता और व्यक्तिगत विकास का संदेश दे।

ब्रिस्बेन 2032, ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाले तीसरे ओलंपिक होंगे। इससे पहले मेलबर्न ने 1956 और सिडनी ने 2000 में ओलंपिक की मेजबानी की थी। आयोजक उम्मीद कर रहे हैं कि नया स्लोगन आने वाले वर्षों में खेलों की पहचान को मजबूत करेगा और दुनिया भर के दर्शकों को आकर्षित करेगा।