हॉलीवुड अभिनेता ब्रूस विलिस की पत्नी एमा हेमिंग विलिस ने खुलासा किया है कि उन्होंने पति को अलग घर में शिफ्ट करने का कठिन निर्णय लिया है। यह कदम उन्होंने अपनी दो नन्ही बेटियों, मेबल (13) और एवलिन (11) के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उठाया।
एमा ने अमेरिकी पत्रकार डायने सॉयर के साथ विशेष कार्यक्रम “Emma & Bruce Willis: The Unexpected Journey” में बातचीत के दौरान कहा,
“ब्रूस खुद भी यही चाहते कि उनकी बेटियां ऐसे घर में रहें जो उनकी ज़रूरतों के हिसाब से बना हो, न कि उनके पिता की बीमारी की परिस्थितियों के अनुसार।”
उन्होंने बताया कि ब्रूस अपनी दूसरी घर में रहते हैं, जो परिवार के घर से ज़्यादा दूर नहीं है। बच्चियां नियमित तौर पर उनसे नाश्ते और रात के खाने के समय मिलने जाती हैं।
ब्रूस, जो अपनी पहली पत्नी डेमी मूर से तीन बेटियों—रूमर (37), स्काउट (34) और टलुलाह (31)—के पिता भी हैं, अब एक फुल-टाइम केयर टीम के साथ रह रहे हैं। एमा ने यह खुलासा अपनी आने वाली किताब “The Unexpected Journey: Finding Strength, Hope and Yourself on the Caregiving Path” के प्रचार के दौरान किया।
वर्ष 2022 में ब्रूस विलिस ने अभिनय से संन्यास लिया था, जब उन्हें एफ़ेसिया (Aphasia) नामक भाषा संबंधी रोग का पता चला। इसके बाद 2023 में डॉक्टरों ने उन्हें फ्रंटोटेम्पोरल डिमेंशिया (Frontotemporal Dementia) से पीड़ित बताया। इस बीमारी में धीरे-धीरे भाषा, व्यवहार और गतिशीलता प्रभावित होती है।
एमा ने बताया कि ब्रूस अभी भी शारीरिक रूप से मज़बूत और काफी मोबाइल हैं, लेकिन उनका दिमाग लगातार कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने भावुक होकर कहा,
“कभी-कभी उनकी हंसी, आंखों की चमक या मुस्कान देखकर लगता है कि वह पहले वाले ब्रूस लौट आए हैं, लेकिन वे पल जल्दी ही खो जाते हैं।”
एमा और ब्रूस की मुलाकात 2007 में हुई थी और 2009 में दोनों ने शादी की। दस साल बाद दोनों ने अपनी शादी की प्रतिज्ञाएं दोबारा निभाईं। आज जब ब्रूस अपने जीवन की सबसे कठिन लड़ाई लड़ रहे हैं, पूरा परिवार उनके साथ खड़ा है।