सीएम भगवंत मान श्री अकाल तख्त साहिब में पेश, जत्थेदार को दिया स्पष्टीकरण

सीएम भगवंत मान श्री अकाल तख्त साहिब में पेश, जत्थेदार को दिया स्पष्टीकरण

अमृतसर।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार को सिखों के सर्वोच्च धार्मिक स्थल श्री अकाल तख्त साहिब में पेश हुए। उन्होंने अपने हालिया बयानों को लेकर सिख पंथ से जुड़े मुद्दों पर जत्थेदार को स्पष्ट रूप से अपना पक्ष रखा। मुख्यमंत्री सुबह नंगे पांव श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने दरबार साहिब में माथा टेका, इसके बाद श्री अकाल तख्त साहिब में हाजिरी दी।

सीएम भगवंत मान और जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज के बीच करीब 45 मिनट तक मुलाकात चली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लिखित रूप में भी अपना स्पष्टीकरण सौंपा।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह एक सामान्य सिख की तरह नंगे पांव अकाल तख्त साहिब पहुंचे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके किसी भी बयान का उद्देश्य श्री अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता को चुनौती देना नहीं था। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा इस तरह की धारणा बनाई जा रही थी, जो पूरी तरह गलत है।

भगवंत मान ने कहा, “मैंने कभी भी श्री अकाल तख्त साहिब को चुनौती नहीं दी और न ही ऐसी कोई मंशा थी। मैं सिख परंपराओं और धार्मिक संस्थाओं का पूरा सम्मान करता हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि अब जत्थेदार साहिब द्वारा जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह उन्हें स्वीकार होगा। “सिंह साहिब जो भी फैसला लेंगे, मैं उसे पूरी तरह मानूंगा,” मुख्यमंत्री ने कहा।

इस पूरे घटनाक्रम को सिख धार्मिक और राजनीतिक हलकों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें श्री अकाल तख्त साहिब के आगामी निर्णय पर टिकी हैं।