लखनऊ मेट्रो विस्तार को मिली हरी झंडी, ओल्ड लखनऊ के ऐतिहासिक इलाकों तक पहुंचेगी सुविधा

लखनऊ मेट्रो विस्तार को मिली हरी झंडी, ओल्ड लखनऊ के ऐतिहासिक इलाकों तक पहुंचेगी सुविधा

लखनऊ। राजधानी के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लखनऊ मेट्रो के चरण-1बी विस्तार परियोजना को मंजूरी दे दी गई है। इस परियोजना पर कुल 5,801 करोड़ रुपये का निवेश होगा।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, “लखनऊ एक बड़ा और ऐतिहासिक शहर है, यहां बेहतर सार्वजनिक परिवहन की बेहद जरूरत है। इस विस्तार से मेट्रो ओल्ड लखनऊ के सभी महत्वपूर्ण इलाकों तक पहुंचेगी।”

34 किलोमीटर तक फैलेगी मेट्रो

नए चरण में मेट्रो नेटवर्क को 34 किलोमीटर तक बढ़ाया जाएगा। इस विस्तार का मकसद पुराने शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख वाणिज्यिक, स्वास्थ्य व पर्यटन स्थलों को जोड़ना है।

मेट्रो का नया रूट इन क्षेत्रों से होकर गुजरेगा—

  • कमर्शियल हब: अमीनाबाद, याहियागंज, पांडेगंज, चौक

  • स्वास्थ्य सुविधा: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU)

  • पर्यटन स्थल: बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा, भूलभुलैया, क्लॉक टॉवर, रूमी दरवाजा

  • खाद्य संस्कृति के केंद्र: पुराने लखनऊ की मशहूर खाने-पीने की गलियां

रोजाना 2 लाख अतिरिक्त यात्रियों को लाभ

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस परियोजना से रोजाना करीब 2 लाख अतिरिक्त यात्रियों के आवागमन की उम्मीद है। यह विस्तार विशेष रूप से पुराने लखनऊ के उन यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगा, जो रोजाना ट्रैफिक जाम से जूझते हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा—“यह प्रगतिशील और जन-हितैषी निर्णय लखनऊ के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करता हूं।”