चीन में मच्छर जनित चिकनगुनिया वायरस के मामले बेतहाशा बढ़े, 7000 से अधिक संक्रमित

चीन में मच्छर जनित चिकनगुनिया वायरस के मामले बेतहाशा बढ़े, 7000 से अधिक संक्रमित

चीन के ग्वांगडोंग प्रांत में चिकनगुनिया वायरस के मामलों में अचानक तेज़ उछाल देखने को मिला है। जुलाई महीने से अब तक इस मच्छर जनित वायरस के 7000 से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिससे पूरे इलाके में स्वास्थ्य आपातकाल जैसी स्थिति बन गई है।

चिकनगुनिया वायरस के प्रसार को रोकने के लिए ग्वांगझोउ शहर में व्यापक स्तर पर मच्छरों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। अस्पतालों में संक्रमित मरीजों को मच्छरदानी के अंदर रखा जा रहा है और उन्हें तभी छुट्टी दी जा रही है जब या तो उनकी रिपोर्ट निगेटिव आती है या फिर सात दिन पूरे हो जाते हैं।

हालांकि चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग और पारंपरिक चिकित्सा प्रशासन ने बयान में कहा है कि अब तक अधिकतर मामले हल्के रहे हैं और मरीज सात दिनों के भीतर ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो रहे हैं। लेकिन उन्होंने यह भी आगाह किया कि गंभीर मामलों की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, खासकर जब दुनिया के अन्य हिस्सों में चिकनगुनिया के कारण मौतें भी हो चुकी हैं।

गौरतलब है कि चीन में चिकनगुनिया का प्रकोप बहुत ही असामान्य है और स्वास्थ्य अधिकारियों का मानना है कि यह वायरस फोशान शहर में किसी आयातित मामले के जरिए फैला है। अभी तक ग्वांगडोंग के अलावा दर्जनों अन्य शहरों में संक्रमण फैल चुका है। अकेले इस सप्ताह ग्वांगडोंग में लगभग 3000 नए मामले सामने आए हैं।

हांगकांग में भी इस सप्ताह पहला मामला दर्ज हुआ है, जहां 12 वर्षीय एक लड़का फोशान की यात्रा के बाद बीमार पड़ा।

क्या है चिकनगुनिया वायरस?
यह वायरस केवल संक्रमित मच्छर की काट से फैलता है और एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में सीधे नहीं फैलता। आमतौर पर यह बीमारी जानलेवा नहीं होती और इसके लक्षण दो से तीन दिनों में अपने आप खत्म हो जाते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, यह वायरस मुख्यतः एडीज एल्बोपिक्टस नामक मच्छर से फैलता है।

यात्रियों के लिए चेतावनी
अमेरिकी स्वास्थ्य एजेंसियों ने चीन की यात्रा करने वाले नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। हालांकि, अभी तक ऑस्ट्रेलियाई सरकार की ओर से कोई आधिकारिक ट्रैवल एडवाइजरी जारी नहीं की गई है।

सावधानी ही बचाव
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि मच्छरों से बचाव के उपाय करें, जैसे कि शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनें, मच्छर भगाने वाली क्रीम का इस्तेमाल करें और घर व आसपास सफाई रखें ताकि मच्छर पनपने न पाएं।