पटना।
बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अब मुख्यमंत्री पद पर दावा ठोककर एनडीए खेमे की धड़कनें बढ़ा दी हैं। पार्टी सांसद और चिराग पासवान के बहनोई अरुण भारती ने हाजीपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बिहार की जनता चिराग पासवान को अगले दो दशकों तक का नेतृत्व सौंपने के लिए तैयार है।
अरुण भारती ने कहा, “राजनीतिक परिदृश्य हर डेढ़-दो दशक में बदल जाता है। आज बिहार की राजनीति उस मोड़ पर है, जहां विधानसभा चुनाव के बाद अगले दो दशकों के लिए नेता का चयन होना है। इस समय यदि कोई सबसे फिट और सक्षम नेता है तो वो चिराग पासवान हैं।”
उन्होंने यह भी बताया कि 8 जून 2025 को शुरू किए गए “नवसंकल्प महाभियान” के बाद से जनता में चिराग के प्रति गहरा विश्वास और समर्थन दिखाई दे रहा है।
भारती ने कहा कि बिहार की जनता चिराग पासवान को न केवल स्वीकार कर रही है, बल्कि उन्हें बिहार का अगला मुखिया मानने को तैयार है। उन्होंने दावा किया कि हर सभा और हर कार्यक्रम में चिराग को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि “हमारे नेता बेदाग हैं। जैसे उनके पिता रामविलास पासवान बेदाग थे, वैसे ही चिराग भी पारदर्शी और स्वच्छ राजनीति की पहचान हैं। बिहार ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ की नीति के तहत नई दिशा पाएगा।”
सीट बंटवारे पर चल रही बातचीत अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है और एलजेपी (रामविलास) का यह सीएम पद का दावा एनडीए के लिए चुनौती बन सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बयान से चुनावी समीकरणों में खलबली मच सकती है।
अरुण भारती ने यह भी जानकारी दी कि 4 सितंबर को मुजफ्फरपुर में होने वाली नया संकल्प सभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में वे हाजीपुर पहुंचे और प्रेसवार्ता में पार्टी का रुख स्पष्ट किया।