सिडनी, 14 अगस्त 2025 –
पैरामट्टा लाइट रेल नेटवर्क पर बीते एक साल में अन्य रूटों की तुलना में अधिक वाहन टकराव और करीबी बचाव (near-miss) की घटनाएं दर्ज हुई हैं। पश्चिमी सिडनी में नई लाइट रेल व्यवस्था के साथ सामंजस्य बैठाने के दौरान यह खतरा और बढ़ा है।
20वें वार्षिक रेल सुरक्षा सप्ताह (11-17 अगस्त) के मौके पर जारी सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि किस तरह पैदल यात्री, साइकिल सवार और मोबिलिटी स्कूटर उपयोगकर्ता ट्राम के बेहद नज़दीक आकर बचते हैं। कई बार कार और मोटरसाइकिल चालक भी ट्राम के सामने से कट मारते दिखे, जो गंभीर हादसे में बदल सकते थे।
सरकार और विशेषज्ञों की चेतावनी
एनएसडब्ल्यू के परिवहन मंत्री जॉन ग्राहम ने कहा,
“ये दृश्य देखना मुश्किल है क्योंकि कई बार हादसा कुछ सेंटीमीटर या मिलीसेकंड दूर होता है। पूरी तरह लोड होने पर 85 टन वजनी लाइट रेल तुरंत नहीं रुक सकती, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।”
मंत्री ने लोगों से मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, जल्दबाज़ी न करने और सभी ट्रैफिक व पैदल यात्री नियमों का पालन करने की अपील की।
पैरामट्टा की सांसद डोना डेविस ने बताया कि इस साल अब तक 11 टकराव और दर्जनों नज़दीकी हादसे हो चुके हैं।
“ये घटनाएं पूरी तरह टाली जा सकती हैं, बस ज़रूरत है सतर्क रहने और आसपास के माहौल पर ध्यान देने की।”
सुरक्षा के मुख्य संदेश
ट्रैफिक सिग्नल पर बिना अनुमति यू-टर्न न लें।
ट्राम पटरियों को पार करते समय दोनों ओर देखकर ही कदम बढ़ाएं।
पैदल यात्री संकेतों का पालन करें और जल्दबाज़ी से बचें।
रेल सुरक्षा सप्ताह के तहत TrackSAFE और परिवहन विभाग पूरे सिडनी में जागरूकता अभियान चला रहे हैं। अधिक जानकारी और सुरक्षा सुझाव transportnsw.info पर उपलब्ध हैं।