कोल्डप्ले कॉन्सर्ट में "किस कैम" पर रंगे हाथों पकड़े गए अफेयर के बाद कंपनी ने शुरू की जांच

कोल्डप्ले कॉन्सर्ट में "किस कैम" पर रंगे हाथों पकड़े गए अफेयर के बाद कंपनी ने शुरू की जांच

न्यूयॉर्क: एक कोल्डप्ले कॉन्सर्ट के दौरान "किस कैम" पर दिखाए गए एक अंतरंग क्षण ने न सिर्फ स्टेडियम में बैठे लोगों को चौंका दिया, बल्कि अब एक नामी टेक्नोलॉजी कंपनी के शीर्ष अधिकारियों को संकट में भी डाल दिया है।

न्यूयॉर्क स्थित अरबों डॉलर की एआई और डेटा कंपनी Astronomer के CEO एंडी बायरन और चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर (CHRO) क्रिस्टिन कैबॉट को कॉन्सर्ट में कैमरे पर रोमांटिक मुद्रा में देखा गया। जैसे ही उनकी छवि स्टेडियम स्क्रीन पर दिखाई गई, दोनों के चेहरों पर घबराहट साफ देखी गई और वे अलग-अलग दिशाओं में वहां से भागते नजर आए।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि एंडी बायरन पहले से शादीशुदा हैं और उनकी पत्नी ने घटना के बाद अपना फेसबुक प्रोफाइल डिलीट कर दिया। उनके प्रोफाइल पर पति-पत्नी और दो बेटों की तस्वीरें थीं। वहीं, क्रिस्टिन कैबॉट अविवाहित हैं।

कंपनी की प्रतिक्रिया और जांच शुरू

कॉन्सर्ट के बाद सोशल मीडिया पर जब मामला तूल पकड़ने लगा, तो कंपनी Astronomer ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा:

"Astronomer अपने मूल्यों और कार्य संस्कृति को बेहद गंभीरता से लेता है। हमारे नेतृत्वकर्ताओं से उच्च स्तर की नैतिकता और जवाबदेही की अपेक्षा की जाती है। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने इस पूरे मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है।"

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि उस दिन कॉन्सर्ट में कंपनी की ओर से केवल ये दो ही कर्मचारी मौजूद थे, बाकी किसी अन्य स्टाफ की उपस्थिति की खबरें निराधार हैं।

इस बीच सोशल मीडिया पर एंडी बायरन के नाम से एक नकली माफीनामा वायरल हुआ, जिसमें लिखा था कि वे अपनी पत्नी, परिवार और टीम से माफी मांगते हैं और इस बात को लेकर आहत हैं कि उनका "निजी क्षण सार्वजनिक कर दिया गया"। बाद में कंपनी के कम्युनिकेशंस डायरेक्टर टेलर जोन्स ने पुष्टि की कि वह माफीनामा असली नहीं है और उसे एक पैरोडी (व्यंग्यात्मक) अकाउंट द्वारा बनाया गया था।

नैतिकता और कॉर्पोरेट नीति पर सवाल

बहुत-सी कंपनियों में वरिष्ठ अधिकारियों और अधीनस्थ कर्मचारियों के बीच संबंधों को लेकर सख्त नीतियां होती हैं। वर्ष 2019 में McDonald's के तत्कालीन CEO स्टीव ईस्टरब्रुक ने इसी तरह के एक मामले में इस्तीफा दिया था। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि Astronomer की इस संबंध में कोई स्पष्ट नीति है या नहीं।

घटना का वायरल वीडियो और प्रतिक्रिया

वीडियो में देखा गया कि जब किस कैम कपल पर ज़ूम करता है, तो पहले दोनों मुस्कुरा रहे होते हैं, लेकिन फिर जैसे ही उन्हें समझ आता है कि वे बड़ी स्क्रीन पर आ गए हैं, दोनों हड़बड़ा कर मुंह छिपाते हैं।

कोल्डप्ले के सिंगर क्रिस मार्टिन ने मंच से यह कहते हुए मजाक में टिप्पणी की,

“या तो ये लोग अफेयर में हैं, या फिर बहुत शर्मीले हैं।”

घटना के बाद पूरी दुनिया में इस वीडियो की चर्चा हो रही है और सोशल मीडिया पर "Coldplay Kiss Cam Cheaters" ट्रेंड कर रहा है। कंपनी की आंतरिक जांच अब यह तय करेगी कि इन दोनों वरिष्ठ अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी।