एअर इंडिया पर DGCA की कड़ी कार्रवाई: सेफ्टी प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामले में तीन अधिकारियों को हटाने का निर्देश

एअर इंडिया पर DGCA की कड़ी कार्रवाई: सेफ्टी प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामले में तीन अधिकारियों को हटाने का निर्देश

नई दिल्ली, 21 जून 2025।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयर इंडिया पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई क्रू शेड्यूलिंग में भारी गड़बड़ी और सुरक्षा प्रोटोकॉल के गंभीर उल्लंघन के मद्देनज़र की गई है।

DGCA ने शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा कि एयर इंडिया द्वारा निर्धारित मानकों और प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया, जिससे उड़ानों की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता था। नियामक संस्था ने मामले की जांच के बाद पाया कि फ्लाइट क्रू की ड्यूटी टाइम लिमिट (FTL) को लेकर नियमों की अनदेखी की गई है और पायलटों को अनाधिकृत ढंग से ड्यूटी पर लगाया गया।

बयान में कहा गया कि एयरलाइन के क्रू शेड्यूलिंग डिपार्टमेंट के जिन तीन प्रमुख अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, उन्हें तुरंत हटाया जाए। DGCA ने एयर इंडिया को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि सभी ऑपरेशनल प्रक्रियाएं नागरिक उड्डयन सुरक्षा दिशा-निर्देशों के अनुसार सुनिश्चित की जाएं।

सूत्रों के अनुसार, DGCA ने यह कार्रवाई एक रूटीन निरीक्षण और पायलटों की शिकायतों के आधार पर शुरू की गई जांच के बाद की है। रिपोर्ट में यह भी पाया गया कि क्रू को पर्याप्त विश्राम दिए बिना लगातार ड्यूटी पर लगाया गया, जो न केवल उड़ान सुरक्षा बल्कि पायलटों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है।

DGCA के इस कदम को विमानन क्षेत्र में एक सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही, यह उम्मीद जताई जा रही है कि एयर इंडिया जल्द ही अपनी आंतरिक प्रक्रियाओं में सुधार कर नियामकीय दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करेगा।