राहवीर योजना लागू: सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वालों को मिलेंगे 25 हजार रुपये

राहवीर योजना लागू: सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वालों को मिलेंगे 25 हजार रुपये

राजधानी दिल्ली में सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार की ‘राहवीर’ योजना को लागू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को ‘गोल्डन आवर’ के दौरान अस्पताल पहुंचाने या आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने वाले नागरिकों को 25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बिना किसी कानूनी भय के दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि कई बार लोग पुलिस या कानूनी प्रक्रियाओं के डर से घायल व्यक्तियों की सहायता करने से हिचकिचाते हैं। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना के माध्यम से ऐसे लोगों को आर्थिक प्रोत्साहन के साथ कानूनी सुरक्षा भी दी जाएगी।

गौरतलब है कि पूर्व में दिल्ली सरकार की ओर से इसी तरह की योजना के अंतर्गत सहायता राशि केवल दो हजार रुपये निर्धारित थी, जो कुछ समय से बंद पड़ी थी। अब नई व्यवस्था के तहत पुरस्कार राशि को बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है, जिससे अधिक से अधिक लोग मानवता का परिचय देते हुए आगे आ सकें।

विशेषज्ञों के अनुसार, सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा ‘गोल्डन आवर’ माना जाता है, जिसमें समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। सरकार का मानना है कि इस योजना से न केवल लोगों में जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या में भी कमी आएगी।

योजना को जल्द ही औपचारिक रूप से लागू किए जाने की संभावना है और इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।