सिडनी एयरपोर्ट पर डिजिटल पैसेंजर कार्ड की नई शुरुआत, यात्रियों को मिलेगी तेज़ और सुविधाजनक सेवा

सिडनी एयरपोर्ट पर डिजिटल पैसेंजर कार्ड की नई शुरुआत, यात्रियों को मिलेगी तेज़ और सुविधाजनक सेवा

सिडनी, 6 अगस्त 2025:
ऑस्ट्रेलिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डे – सिडनी एयरपोर्ट – पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की सुविधा के लिए एक नई डिजिटल व्यवस्था की शुरुआत की गई है। यह व्यवस्था यात्रियों के आगमन को तेज़ और सुगम बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

यह ट्रायल विशेष रूप से क्यूंटस एयरलाइन्स के ऑकलैंड और क्वीन्सटाउन (न्यूज़ीलैंड) से आने वाली चुनिंदा उड़ानों के यात्रियों के लिए शुरू किया गया है। इस योजना के तहत यात्री पारंपरिक कागज़ी 'इनकमिंग पैसेंजर कार्ड' की बजाय अपना डिक्लेरेशन पहले से ही डिजिटल रूप में भर सकेंगे।

यात्रा से पहले यह प्रक्रिया क्यूंटस की मोबाइल ऐप के माध्यम से पूरी की जा सकती है। सिडनी पहुंचने पर यात्रियों को एक डिजिटल पास मिलेगा, जिसमें एक क्यूआर कोड होगा। यह क्यूआर कोड बॉर्डर और बायोसेक्योरिटी अधिकारियों को दिखाकर यात्री तेजी से आगे बढ़ सकेंगे।

गृह और आव्रजन मंत्री टोनी बर्क ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “मैं चाहता हूं कि जब लोग सिडनी पहुंचे, तो उन्हें एयरपोर्ट पर समय बर्बाद न करना पड़े और वे जल्द से जल्द शहर का आनंद ले सकें।”

यह ट्रायल ऑस्ट्रेलिया में संपर्क रहित (contactless) यात्रा की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। भविष्य में यह तकनीक डिजिटल क्रेडेंशियल्स और फेसियल रिकग्निशन जैसे आधुनिक साधनों से लैस होगी, जिससे यात्रियों की यात्रा और अधिक सहज हो सकेगी।

सिडनी एयरपोर्ट प्रशासन ने जानकारी दी है कि अगले वर्ष की शुरुआत तक एयरपोर्ट पर 32 नए स्मार्टगेट किओस्क लगाए जाएंगे। इससे उन यात्रियों को सहायता मिलेगी, जिन्हें अतिरिक्त समर्थन की आवश्यकता होती है।

फिलहाल यह ट्रायल सीमित उड़ानों और यात्रियों के लिए उपलब्ध है, लेकिन इसकी सफलता के बाद इसे अन्य रूट्स और एयरलाइनों तक भी विस्तार दिया जा सकता है।