मुंबई (अनिल बेदाग): हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े मेहनतकश वर्कर्स के परिवारों के लिए राहत और उम्मीद भरी खबर सामने आई है। यश चोपड़ा फाउंडेशन (YCF) ने अपने बहुप्रतीक्षित YCF स्कॉलरशिप प्रोग्राम 2026 की घोषणा कर दी है। यह पहल लगातार दूसरे वर्ष शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य फिल्म इंडस्ट्री के वर्कर्स के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है।
इस स्कॉलरशिप के तहत पंजीकृत फिल्म वर्कर्स और YCF साथी सदस्यों के बच्चों को प्रति छात्र ₹5 लाख तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि सीधे मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों को ट्यूशन फीस के रूप में प्रदान की जाएगी, जिससे छात्रों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हो सके।
फाउंडेशन द्वारा दी जा रही यह स्कॉलरशिप केवल क्रिएटिव क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें फिल्म स्टडीज़, मीडिया, एनीमेशन, सिनेमैटोग्राफी और विजुअल आर्ट्स के साथ-साथ इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट, लॉ और आईटी जैसे प्रोफेशनल कोर्सेज़ भी शामिल किए गए हैं। इससे छात्रों को अपने पसंदीदा क्षेत्र में आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलेगा।
स्कॉलरशिप के लिए चयन प्रक्रिया अकादमिक योग्यता और आर्थिक स्थिति के आधार पर की जाएगी, ताकि वास्तव में जरूरतमंद और प्रतिभाशाली छात्रों को इसका लाभ मिल सके।
फाउंडेशन के अनुसार, हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लगभग 60 प्रतिशत से अधिक परिवार उच्च शिक्षा के खर्च को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में यह पहल उनके लिए एक बड़ी राहत साबित हो सकती है।
यश चोपड़ा फाउंडेशन का मानना है कि यह स्कॉलरशिप केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि एक सशक्त और सुरक्षित भविष्य की दिशा में उठाया गया ठोस कदम है। यह पहल फिल्म इंडस्ट्री के उन परिवारों के बच्चों को नए अवसर देगी, जो अब तक संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते थे।
फाउंडेशन ने पात्र छात्रों से जल्द आवेदन करने की अपील की है, क्योंकि स्कॉलरशिप की सीटें सीमित हैं।