शिक्षा मंत्री का बयान: चाइल्डकेयर सेक्टर से पुरुषों को पूरी तरह बाहर करना समाधान नहीं

शिक्षा मंत्री का बयान: चाइल्डकेयर सेक्टर से पुरुषों को पूरी तरह बाहर करना समाधान नहीं

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के शिक्षा मंत्री जेसन क्लेयर ने मेलबर्न के एक चाइल्डकेयर केंद्र में आरोपित बालशोषण के मामले के बाद चाइल्डकेयर सेक्टर से पुरुषों को प्रतिबंधित करने की मांगों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि "पुरुषों को पूरी तरह बाहर करना समस्या का समाधान नहीं है।"

जोसुआ डेल ब्राउन नाम के व्यक्ति पर आठ बच्चों के खिलाफ 70 आरोप लगाए गए हैं। ब्राउन ने अब तक कम से कम नौ चाइल्डकेयर केंद्रों में काम किया है, जिसके बाद लगभग 2000 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए एक राष्ट्रीय रजिस्टर या डेटाबेस बनाना आवश्यक है, जिससे संदिग्ध लोगों की पहचान हो सके और उनका जल्दी पता चल सके। उन्होंने कहा, "हमें ऐसी व्यवस्था बनानी होगी जो समय-समय पर संकेत दे सके कि कोई व्यक्ति गलत मकसद से कहीं स्थानांतरित हो रहा है।"

सरकार बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी सुधारात्मक कानूनों को तेजी से लागू करेगी, जिसमें उन चाइल्डकेयर केंद्रों का वित्त पोषण बंद करना शामिल है जो निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते।

क्लेयर ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय बाल सुरक्षा समीक्षा और बाल यौन शोषण के लिए स्थापित रॉयल कमीशन ने पुरुषों पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश नहीं की है। उनका कहना था, "चाइल्डकेयर सेक्टर में काम करने वाले 99.9 प्रतिशत लोग ईमानदार और बच्चों को प्यार करने वाले हैं। हमें उनकी क्षमता बढ़ानी होगी ताकि वे संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर सकें।"

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि "केवल पुरुषों को बाहर निकाल देना समस्या का समाधान नहीं होगा।"