दैव परंपरा के अपमान का आरोप: रणवीर सिंह के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर, पुलिस ने भेजा नोटि

दैव परंपरा के अपमान का आरोप: रणवीर सिंह के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर, पुलिस ने भेजा नोटि

बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। बेंगलुरु में उनके खिलाफ पवित्र दैव परंपरा का अपमान करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अभिनेता ने एक सार्वजनिक मंच पर धार्मिक प्रतीकों का मज़ाक उड़ाकर हिंदू समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई।

यह मामला गोवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के दौरान का बताया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, रणवीर सिंह ने फिल्म कांतारा: चैप्टर 1 की प्रशंसा करते हुए फिल्म में दिखाए गए ‘गुलिगा दैव’ की नकल की और देवी चामुंडी को कथित रूप से अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया।

वकील ने बताई पूरी कानूनी प्रक्रिया

शिकायतकर्ता और बेंगलुरु निवासी अधिवक्ता प्रशांत मेथल ने समाचार एजेंसी से बातचीत में बताया कि इस बयान से उनकी ही नहीं, बल्कि लाखों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। उन्होंने पहले स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अंततः अधिवक्ता ने सक्षम न्यायालय में निजी शिकायत दर्ज कराई, जिस पर 28 जनवरी 2026 को अदालत ने पुलिस जांच का आदेश दिया। अदालत के निर्देश के बाद हाई ग्राउंड्स थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अभिनेता को नोटिस जारी किया है।

किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 302 के तहत आरोप लगाए गए हैं। इन धाराओं के तहत दोष सिद्ध होने पर तीन साल तक की कैद, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है। शिकायतकर्ता का कहना है कि देवता को भूत कहकर संबोधित करना न केवल ईशनिंदा है, बल्कि हिंदू धार्मिक परंपराओं का गंभीर अपमान भी है।

पहले भी मांगी जा चुकी है माफी

गौरतलब है कि विवाद बढ़ने के बाद रणवीर सिंह ने सार्वजनिक रूप से अपने बयान पर खेद जताया था और कहा था कि उनका उद्देश्य किसी भी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने फिल्म के अभिनेता ऋषभ शेट्टी की अभिनय क्षमता की सराहना करते हुए यह टिप्पणी की थी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और रणवीर सिंह को कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस भेजा गया है।