थाईलैंड। मिस यूनिवर्स 2025 का ताज इस वर्ष मैक्सिको की फातिमा बॉश के सिर सजा। थाईलैंड में आयोजित इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता में दुनिया भर से आई प्रतिभागियों के बीच शानदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। अंत में फातिमा ने सभी को पीछे छोड़ते हुए मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम किया।
मेजबान देश थाईलैंड की मॉडल प्रवीणर सिंह फर्स्ट रनरअप रहीं, जबकि वेनेजुएला की मॉडल स्टीफिन अबासली को सेकंड रनरअप का स्थान मिला।
फिलिपिन्स की अतीशा मनालो तीसरी रनरअप और कोत दिव्वार की प्रतिभागी चौथी रनरअप घोषित की गईं।
भारत की ओर से राजस्थान की मॉडल मनिका विश्वकर्मा ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। मनिका टॉप 30 में जगह बनाने में सफल रहीं, लेकिन टॉप 12 में प्रवेश नहीं कर सकीं।
फातिमा बॉश प्रतियोगिता के दौरान विवादों में भी रही थीं। 4 नवंबर को मिस थाईलैंड के निदेशक नवात इत्साराग्रिसिल ने प्रोमोशनल कंटेंट साझा न करने पर उनके प्रति कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
फातिमा ने विरोध में मंच छोड़ने का निर्णय लिया था, हालांकि बाद में अन्य प्रतिभागियों के समर्थन के बाद उन्होंने वापसी की और निदेशक के व्यवहार को अपमानजनक बताया।
फातिमा बॉश फर्नांडिस का जन्म 19 मई 2000 को मैक्सिको के तेपा में हुआ था। 25 वर्षीय फातिमा मॉडलिंग की दुनिया का जाना-पहचाना नाम हैं और मिस यूनिवर्स 2025 का ताज जीतकर उन्होंने अपने देश को गर्व का बड़ा कारण दिया है।