लखनऊ, 8 अगस्त।
रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को विशेष तोहफा दिया है। प्रदेशभर में यूपी रोडवेज की सभी एसी और नॉन-एसी बसों में महिलाएं और उनके साथ एक सहयात्री शुक्रवार सुबह 6 बजे से रविवार, 10 अगस्त रात 12 बजे तक नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगे।
परिवहन निगम ने इस सुविधा के सुचारू संचालन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। कुल 986 बसें संचालन में रहेंगी, जबकि 50 बसें रिजर्व रखी गई हैं। चालकों और परिचालकों की छुट्टियां 12 अगस्त तक रद्द कर दी गई हैं ताकि किसी भी रूट पर बसों की कमी न हो।
यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था
क्षेत्रीय प्रबंधक आर.के. त्रिपाठी के अनुसार सभी प्रमुख बस स्टेशनों पर हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम (फोन: 8726005808) बनाए गए हैं, जहां यात्री सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। सभी स्टेशनों पर शिफ्टवार अधिकारी तैनात किए गए हैं और दो प्रवर्तन वाहन अवध बस स्टेशन एवं लखनऊ–रायबरेली और लखनऊ–कानपुर मार्ग पर पेट्रोलिंग करेंगे।
बसों की सफाई और तकनीकी जांच 13 बिंदुओं पर की जा रही है। 200 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने वाली बसों की भी यात्रा के बाद सफाई होगी। शहर के प्रमुख स्थानों पर पिकअप प्वाइंट बनाए गए हैं और वहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
अनुशासन और यात्रियों की सहायता पर जोर
सभी चालक और परिचालक वर्दी में रहेंगे, नशा नहीं करेंगे और यात्रियों से विनम्र व्यवहार करेंगे। बुजुर्ग और जरूरतमंद यात्रियों को बस में चढ़ने-उतरने में मदद की जाएगी।
ट्रेनों में भीड़, बसों का सहारा
दिल्ली, मुंबई समेत बड़े शहरों से आने वाली अधिकांश ट्रेनों में रक्षाबंधन से पहले ही आरक्षण फुल हो चुका है। लखनऊ से पूर्वांचल और बिहार जाने वाली ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग है। ऐसे में यात्रियों के लिए रोडवेज बसें ही मुख्य सहारा बनेंगी। रेलवे प्रशासन ने स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
यह पहल न केवल रक्षाबंधन के त्योहार की खुशियां बढ़ाएगी, बल्कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।