प्रिंस विलियम और केट का बड़ा फैसला: नया ‘फॉरएवर होम’

प्रिंस विलियम और केट का बड़ा फैसला: नया ‘फॉरएवर होम’

लंदन। प्रिंस विलियम और प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन ने अपने परिवार के साथ जीवन का नया अध्याय शुरू करने का फैसला किया है। लंबे और मुश्किल दौर के बाद यह शाही दंपत्ति अब विंडसर ग्रेट पार्क स्थित फॉरेस्ट लॉज में शिफ्ट होने जा रहा है।

नया आशियाना – ‘फॉरेस्ट लॉज’

विलियम और केट अपने तीनों बच्चों – प्रिंस जॉर्ज (12), प्रिंसेस शार्लट (10) और प्रिंस लुइस (7) – के साथ एडिलेड कॉटेज से निकलकर आठ बेडरूम वाले फॉरेस्ट लॉज में रहने जाएंगे। 328 साल पुराना यह घर पहले हॉली ग्रोव के नाम से जाना जाता था और अब इसे उनका “फॉरएवर होम” माना जा रहा है।

मुश्किल समय के बाद नई शुरुआत

पिछले कुछ वर्षों में शाही परिवार के लिए हालात चुनौतीपूर्ण रहे। महारानी एलिज़ाबेथ का निधन हुआ, किंग चार्ल्स और प्रिंसेस केट दोनों को कैंसर का सामना करना पड़ा। ऐसे में यह स्थानांतरण उनके लिए एक नई शुरुआत और पुराने दुखद पलों को पीछे छोड़ने का अवसर माना जा रहा है।

शाही सूत्रों का कहना है – “यह सिर्फ घर बदलने की बात नहीं है, बल्कि परिवार के लिए लंबे समय का ठिकाना है। वे इसे अपने स्थायी परिवारिक घर के रूप में देख रहे हैं।”

खर्च अपनी जेब से

खास बात यह है कि फॉरेस्ट लॉज में होने वाले “आंतरिक और बाहरी छोटे-मोटे नवीनीकरण” का खर्च विलियम और केट खुद उठा रहे हैं। यह कदम 2019 में प्रिंस हैरी और मेगन के फ्रॉगमोर कॉटेज पर हुए टैक्सपेयर्स के खर्च से अलग है, जिस पर लगभग 5 मिलियन पाउंड (करीब ₹50 करोड़) खर्च हुए थे।

संपत्ति की कीमत

2001 में हुए बड़े नवीनीकरण पर करीब 3 मिलियन डॉलर खर्च हुए थे और उस वक्त इस घर की कीमत लगभग 11.4 मिलियन डॉलर आंकी गई थी। अब इसकी अनुमानित वैल्यू लगभग 30 मिलियन डॉलर (करीब ₹250 करोड़) है।

बिना स्थायी स्टाफ के जीवन

वर्तमान में विलियम और केट के पास कोई स्थायी ‘लाइव-इन स्टाफ’ नहीं है और माना जा रहा है कि नए घर में भी वे इसी परंपरा को जारी रखेंगे।