लगान के सेट पर रोज गूंजता था गायत्री मंत्र, आमिर खान ने बताया कैसे बनती थी पूरी टीम की एकाग्रता

लगान के सेट पर रोज गूंजता था गायत्री मंत्र, आमिर खान ने बताया कैसे बनती थी पूरी टीम की एकाग्रता

मुंबई। हिंदी सिनेमा की चर्चित फिल्म लगान के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर अभिनेता आमिर खान ने फिल्म की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान पूरी टीम रोजाना गायत्री मंत्र सुनकर अपने दिन की शुरुआत करती थी, जिससे सभी कलाकारों और तकनीशियनों में एकाग्रता और अनुशासन बना रहता था।

दरअसल, रेड लॉरी फिल्म फेस्टिवल में फिल्म लगान की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई थी। इस अवसर पर आमिर खान और फिल्म के निर्देशक आशुतोष गोवारिकर भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आमिर खान ने फिल्म के निर्माण के दिनों को याद करते हुए बताया कि शूटिंग के लिए बस से लोकेशन पर जाते समय गायत्री मंत्र बजाया जाता था।

आमिर खान ने बताया कि बस में यात्रा करते समय अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा गायत्री मंत्र चलाते थे। कुछ लोग अंग्रेजी गाने सुनना चाहते थे, लेकिन उन्होंने आग्रह किया कि पूरी टीम गायत्री मंत्र ही सुने। लगभग छह महीनों तक शूटिंग के दौरान रोजाना लोकेशन पर पहुंचने से पहले मंत्र सुना जाता था। आमिर के मुताबिक, इससे पूरी टीम मानसिक रूप से एकाग्र हो जाती थी और काम के प्रति समर्पण भी बढ़ता था।

उन्होंने कहा कि यह एक तरह का सामूहिक अनुशासन बन गया था, जिसने फिल्म की शूटिंग के दौरान कलाकारों और क्रू को सकारात्मक ऊर्जा दी।

गौरतलब है कि आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी फिल्म लगान वर्ष 2001 में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी एक ऐसे भारतीय गांव के लोगों के संघर्ष को दर्शाती है, जो अंग्रेजों द्वारा लगाए गए भारी लगान से बचने के लिए क्रिकेट मैच खेलने की चुनौती स्वीकार करते हैं।

फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से जबरदस्त सराहना मिली थी। यही नहीं, लगान को ऑस्कर अवॉर्ड्स में ‘सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म’ श्रेणी में भी नामांकन मिला था, जिससे भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली।