ईरान और इज़राइल के बीच जारी संघर्ष के बीच ईरान द्वारा कतर में अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर मिसाइल हमले के बाद दुनियाभर में हवाई यात्रा पर गंभीर असर पड़ा है। दुनिया की कई प्रमुख एयरलाइनों ने अपने विमानों की उड़ानें या तो अस्थायी रूप से स्थगित कर दी हैं या उनमें कटौती की है, जिससे वैश्विक स्तर पर यात्रा व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई है।
शनिवार रात से रविवार सुबह तक अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु संवर्धन स्थलों पर हवाई हमले किए थे। इसके जवाब में सोमवार रात ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने “ऑपरेशन बेशारत अल-ईमान” नाम से अमेरिकी एयरबेस अल उदीद (Al Udeid) पर मिसाइलें दागीं। यह एयरबेस कतर में स्थित अमेरिका का सबसे बड़ा सैन्य ठिकाना है।
ईरानी मीडिया ने इसे ‘शक्तिशाली और विजयी जवाब’ करार दिया।
हालांकि मंगलवार सुबह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि ईरान और इज़राइल के बीच “पूर्ण और स्थायी युद्धविराम” पर सहमति बन गई है। ट्रंप ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया मंच Truth Social पर साझा की और बताया कि युद्धविराम छह घंटे के भीतर प्रभावी हो जाएगा।
ईरानी हमले के बाद कतर ने अपने एयरस्पेस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया था, जिससे दोहा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आने-जाने वाली कई उड़ानों को रद्द या डायवर्ट करना पड़ा। हालांकि अब कतर की जनरल सिविल एविएशन अथॉरिटी ने एयरस्पेस को पुनः खोलने की जानकारी दी है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “राज्य की सभी संस्थाओं के प्रयास और भागीदारों का सहयोग सराहनीय रहा, जिससे कतर के हवाई क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी।”
वहीं दुबई एयरपोर्ट्स ने भी एक अस्थायी सुरक्षा कारणों से उड़ानों को रोका था, लेकिन अब संचालन दोबारा शुरू हो गया है। दुबई मीडिया ऑफिस ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी साझा की, “दुबई एयरपोर्ट्स ने अपनी सभी सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं। यात्रियों और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
गर्मी के पीक सीजन में यूरोप की यात्रा कर रहे हजारों यात्रियों को इस संकट का सीधा असर झेलना पड़ा है। कई उड़ानों के मार्ग बदलने पड़े हैं, जिससे यात्राएं लंबी और महंगी हो गई हैं।