HECS कर्ज माफी से राहत: करोड़ों ऑस्ट्रेलियाई छात्रों को मिलेगा हजारों डॉलर का फायदा

HECS कर्ज माफी से राहत: करोड़ों ऑस्ट्रेलियाई छात्रों को मिलेगा हजारों डॉलर का फायदा

ऑस्ट्रेलिया की संसद ने गुरुवार को HECS (उच्च शिक्षा छात्र सहायता योजना) में बड़े सुधारों को पारित कर दिया है, जिससे तीन मिलियन से अधिक ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों को छात्र ऋण में बड़ी राहत मिलने वाली है। इन नए नियमों से न केवल हजारों डॉलर का कर्ज माफ होगा, बल्कि कम आय वालों के लिए भुगतान नियमों में भी राहत दी गई है।

कितनी मिलेगी राहत?

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, औसतन $27,600 के HELP कर्ज वाले व्यक्ति को $5520 की सीधी छूट मिलेगी। यदि किसी का कर्ज $60,000 से अधिक है, तो उसे $12,000 तक की राहत मिल सकती है। कुल मिलाकर, सरकार लगभग $16 अरब की छात्र ऋण राशि माफ करने जा रही है।

क्या करना होगा आपको?

छात्रों या कर्जधारकों को कुछ भी करने की जरूरत नहीं है। यह छूट स्वतः लागू होगी और ATO (ऑस्ट्रेलियन टैक्सेशन ऑफिस) आपकी जून 1, 2025 तक की स्थिति के आधार पर इसे समायोजित करेगा। अगर आपने इस तारीख के बाद कुछ कर्ज चुका भी दिया है, तो भी आपको नुकसान नहीं होगा। जब बदलाव लागू हो जाएगा, तो ATO आपको टेक्स्ट मैसेज से सूचित करेगा।

पैसा कब मिलेगा?

सरकार ने जनता से धैर्य रखने की अपील की है क्योंकि ATO को इस नई नीति को लागू करने के लिए तकनीकी बदलाव करने होंगे, जिसमें लगभग 50,000 लाइन कोड लिखने की जरूरत है। शिक्षा मंत्री जेसन क्लेयर ने कहा है कि यह कानून अब गारंटीकृत है, यानी देरी हो सकती है लेकिन राहत पक्की है।

और क्या बदलेगा?

अब से छात्र ऋण की वापसी केवल उन्हीं लोगों से ली जाएगी जिनकी सालाना आय $67,000 से अधिक है (पहले यह सीमा $54,000 थी)। और अब यह गणना केवल उस आय पर होगी जो इस सीमा से ऊपर होगी – यानी टैक्स की तरह स्लैब आधारित गणना होगी। यह नया नियम 2025-26 वित्त वर्ष से लागू होगा और आगामी दो हफ्तों में औपचारिक रूप से प्रभावी होने की उम्मीद है।