मिस यूनिवर्स 2021 का ताज अपने नाम कर भारत को गौरवान्वित करने वाली हरनाज कौर संधू ने शुक्रवार, 5 सितंबर 2025 को बॉलीवुड में कदम रख लिया। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बागी 4’ के साथ उन्होंने रुपहले पर्दे पर अपनी शुरुआत की है। इस फिल्म में उनके साथ टाइगर श्रॉफ और संजय दत्त जैसे सितारे नज़र आ रहे हैं।
बॉलीवुड डेब्यू की खुशी के बीच हरनाज भावुक भी हुईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा किया, जिसमें अपने दिवंगत पिता प्रीतम सिंह संधू को याद किया।
हरनाज ने लिखा:
“सपनों से लेकर बड़े परदे तक... मेरा दिल शुकराना और कृतज्ञता से भरा है। यह पल मेरे परिवार के प्यार और आशीर्वाद के बिना मुमकिन नहीं होता। पापा, मेरे मार्गदर्शक, गार्जियन एंजिल... मैं आपको हर कदम पर, हर फ्रेम में अपने साथ रखती हूं।”
गौरतलब है कि जुलाई 2023 में हरनाज ने अपने पिता को खो दिया था।
अपनी इस सफलता का श्रेय हरनाज ने परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सफ़र केवल उनकी मेहनत का नहीं, बल्कि परिवार के त्याग और समर्थन का नतीजा है।
‘बागी’ फ्रेंचाइज़ी की यह चौथी किस्त है।
निर्देशन किया है ए. हर्षा ने।
टाइगर श्रॉफ और संजय दत्त जबर्दस्त एक्शन में नज़र आ रहे हैं।
संजय दत्त विलेन के रोल में दर्शकों को चौंकाते हैं।
पहले दिन फिल्म ने 12 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया।
फिल्म समीक्षकों के मुताबिक, हरनाज संधू की स्क्रीन उपस्थिति ताजगी भरी और असरदार रही। उन्होंने अपने डेब्यू से साबित कर दिया कि वे सिर्फ़ सुंदरता की मिसाल नहीं, बल्कि अभिनय में भी बड़ा मुक़ाम हासिल करने का माद्दा रखती हैं।