इमिग्रेशन यूरोप को कर रहा खत्म: स्कॉटलैंड में ट्रंप की सख्त चेतावनी

इमिग्रेशन यूरोप को कर रहा खत्म: स्कॉटलैंड में ट्रंप की सख्त चेतावनी

स्कॉटलैंड – अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी यूरोप यात्रा के दौरान एक बार फिर इमिग्रेशन को लेकर तीखा बयान दिया है। स्कॉटलैंड में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि “अगर यूरोप ने समय रहते अवैध इमिग्रेशन पर नियंत्रण नहीं किया, तो यह पूरा महाद्वीप खत्म हो जाएगा।”

ट्रंप ने अपने बयानों में दो टूक कहा कि कई यूरोपीय देश ‘भयानक आप्रवासी आक्रमण’ का सामना कर रहे हैं और उन्हें इसके खिलाफ तुरंत कदम उठाने होंगे। उनका कहना है कि अवैध प्रवास केवल सीमाओं का उल्लंघन नहीं, बल्कि सभ्यताओं और संस्कृतियों के अस्तित्व के लिए भी एक गंभीर खतरा है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर आपने अभी काम नहीं किया, तो बहुत देर हो जाएगी। यूरोप आपके पास नहीं बचेगा।” ट्रंप ने यह भी कहा कि कुछ नेताओं ने इमिग्रेशन के मुद्दे को गंभीरता से लिया है, लेकिन उन्हें वह सम्मान नहीं मिल रहा, जिसके वे हकदार हैं। हालांकि उन्होंने किसी का नाम लेने से परहेज किया।

ट्रंप ने अपनी अमेरिका-मेक्सिको सीमा नीति का भी उल्लेख किया और दावा किया कि पिछले महीने कोई भी अवैध घुसपैठ करने में सफल नहीं हुआ। “हमने बहुत से बुरे लोगों को बाहर निकाला है,” उन्होंने कहा।

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, 2020 तक यूरोप में करीब 8.7 करोड़ अंतरराष्ट्रीय प्रवासी रह रहे थे। दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप ने अमेरिका में एक कठोर इमिग्रेशन नीति लागू की है, जिसके तहत हजारों प्रवासियों को देश से निकाला गया है। इस नीति को लेकर अमेरिका के भीतर भारी विरोध प्रदर्शन भी हो रहे हैं।

ट्रंप इस समय अपनी यूरोपीय यात्रा पर हैं, जिसमें वे स्कॉटलैंड स्थित अपनी दो गोल्फ प्रॉपर्टी का दौरा करेंगे। इसके साथ ही वे ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से भी मुलाक़ात करने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि स्टारमर से उनकी मुलाकात किसी ‘जश्न’ से अधिक, दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने की दिशा में होगी। ट्रंप ने इस समझौते को “दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद” बताया।