इंडिगो विमान का इंजन फेल, दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट की मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग

इंडिगो विमान का इंजन फेल, दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट की मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग

दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की एक यात्री विमान को बुधवार रात तकनीकी खराबी के चलते आपातकालीन स्थिति में मुंबई हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा। विमान के एक इंजन में तकनीकी गड़बड़ी आने के बाद यह कदम उठाया गया।

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट संख्या 6E-2195 ने बुधवार शाम दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गोवा के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान पायलट को इंजन में खराबी का संकेत मिला, जिसके बाद उन्होंने तुरंत एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) से संपर्क कर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी। इसके बाद विमान को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया।

विमान में कुल 177 यात्री सवार थे। इंडिगो एयरलाइंस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। एयरलाइन ने यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट्स के ज़रिये उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की है।

डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में प्रथम इंजन में तकनीकी खराबी की बात सामने आई है, जिसकी विस्तृत जांच की जाएगी।

यात्रियों में कुछ समय के लिए घबराहट का माहौल जरूर रहा, लेकिन पायलट की तत्परता और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के सहयोग से एक बड़ा हादसा टल गया।

इंडिगो ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हुए भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और तकनीकी जांच के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान के लिए अनुमति दी जाएगी।