अभिषेक–रिंकू के तूफान में उड़ी न्यूजीलैंड, भारत ने पहले टी20 में 48 रन से दर्ज की शानदार जीत

अभिषेक–रिंकू के तूफान में उड़ी न्यूजीलैंड, भारत ने पहले टी20 में 48 रन से दर्ज की शानदार जीत

नागपुर। भारत ने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को 48 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। बुधवार को विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला, वहीं गेंदबाजों ने निर्णायक मौकों पर विकेट निकालकर जीत पक्की की।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। अभिषेक शर्मा ने 84 रनों की तूफानी पारी खेलते हुए गेंदबाजों पर दबाव बनाया, जबकि अंत में रिंकू सिंह ने नाबाद 44 रन जोड़कर स्कोर को विशाल बनाया। भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 238 रन बनाए, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2023 में भारत ने इस टीम के खिलाफ 234/4 रन बनाए थे।

239 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत लड़खड़ा गई। अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने नई गेंद से सटीक लाइन-लेंथ के साथ शुरुआती झटके देकर कीवी बल्लेबाजी को दबाव में डाल दिया। पावरप्ले में विकेट गिरने से रन गति पर भी असर पड़ा।

हालांकि, मध्य ओवरों में ग्लेन फिलिप्स ने शानदार संघर्ष किया। उन्होंने 40 गेंदों पर 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली और मार्क चैपमैन (39 रन, 24 गेंद) के साथ अहम साझेदारी कर मैच में रोमांच लौटाने की कोशिश की। दोनों के बीच सात ओवरों में 79 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन जरूरी रन रेट लगातार बढ़ता गया।

भारतीय गेंदबाजों ने अंत के ओवरों में वापसी करते हुए मुकाबले को पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया। वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली। न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 190 रन ही बना सकी।

इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में मजबूत शुरुआत की है और अगले मुकाबले में बढ़त को और पुख्ता करने के इरादे से उतरेगा।