भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला और उनके साथियों की अंतरिक्ष से धरती पर वापसी की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर 18 दिन बिताने के बाद, अब यह चालक दल धरती की ओर लौटने के लिए तैयार है।
एक्सिओम स्पेस द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, आईएसएस से अनडॉकिंग (अंतरिक्ष यान को अंतरिक्ष स्टेशन से अलग करने की प्रक्रिया) भारतीय समयानुसार सोमवार शाम 4:35 बजे के बाद शुरू हुई। वापसी की यह पूरी यात्रा लगभग 22.5 घंटे लंबी होगी।
उम्मीद जताई जा रही है कि यह अंतरिक्ष यान कैलिफोर्निया तट पर केंद्रीय समयानुसार मंगलवार तड़के 4:31 बजे और भारतीय समयानुसार मंगलवार को अपराह्न 3:01 बजे सुरक्षित रूप से लैंड करेगा।
मिशन में शामिल भारतीय वैज्ञानिक शुभांशु शुक्ला, भारत के लिए गौरव का विषय बन चुके हैं। उनके साथ इस मिशन में तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री भी शामिल हैं, जिन्होंने आईएसएस में वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रयोगों से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लिया।
यह मिशन भारत की अंतरिक्ष क्षमताओं और वैश्विक अंतरिक्ष अभियानों में योगदान को दर्शाता है। शुभांशु की सुरक्षित वापसी का पूरे देश को बेसब्री से इंतज़ार है।